मोगा के कोटइसे खां में अहोई अष्टमी पर मां की गोद उजड़ी, 10 माह के मासूम को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचला
कोटइसे खां की साधा वाली बस्ती में अहोई अष्टमी के दिन एक दर्दनाक हादसे में 10 माह के मासूम दिव्यांश ...और पढ़ें
-1793615460193_m.webp)
अहोई अष्टमी पर उजड़ गई मां की गोद, ट्रैक्टर-ट्रॉली ने 10 माह के मासूम को कुचला।
HighLights
10 माह के मासूम दिव्यांश को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचला।
अहोई अष्टमी पर मां ने बेटे की लंबी उम्र का व्रत रखा था।
परिजनों ने गोल चौक पर जाम लगाकर आरोपी को गिरफ्तार करवाया।
संवाद सहयोगी, कोटइसे खां। कोटइसे खां की साधा वाली बस्ती में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। घर के बाहर वॉकर में बैठकर खेल रहे 10 माह के मासूम दिव्यांश को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचल दिया। हादसे में मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।
इस हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि अहोई अष्टमी के अवसर पर मां ने अपने इकलौते बेटे की लंबी उम्र और सलामती के लिए निर्जला व्रत रखा था, लेकिन व्रत के दौरान ही उसकी गोद उजड़ गई। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक बच्चे के पिता जतिन ने बताया कि रविवार सुबह वह अपने 10 माह के बेटे दिव्यांश को वॉकर में बिठाकर घर के बाहर गली में खड़े थे। इसी दौरान चीमा रोड की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही मासूम वॉकर समेत ट्रैक्टर के पिछले पहियों के नीचे आ गया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर चालक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। गंभीर रूप से कुचले जाने के कारण दिव्यांश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर चालक नशे की हालत में था और तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चला रहा था। हालांकि, इस आरोप की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
दिव्यांश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मां ने अहोई अष्टमी पर निर्जला व्रत रखकर बेटे की लंबी उम्र की कामना की थी। कुछ घंटे पहले तक जिस घर में बच्चे की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां हादसे के बाद मातम छा गया।
गोल चौक पर शव रखकर लगाया जाम
हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने गोल चौक पर मासूम का शव रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही थाना कोटइसे खां के एसएचओ कमलजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को बताया कि पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
इसके बाद पुलिस ने लोगों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। मासूम की असमय मौत से हर आंख नम थी और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस कर्मचारी साहब सिंह ने कहा कि उन्होंने परिवार के बयानों के आधार पर पोस्टमार्टम करवा कर आरोपित को हिरासत में ले लिया है आरोपित की पहचान प्रेम सिंह उत्तर बलबीर सिंह निवासी बस्ती साधा वाली के तौर पर हुई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।