चंडीगढ़ में प्रदर्शन कर लौट रहे दो किसानों की हादसे में मौत, चार घायल
चंडीगढ़ से प्रदर्शन कर लौट रहे दो किसानों की सड़क हादसे में मौत हो गई। किसान संगठनों ने मृत किसानों के परिजनों को तत्काल राहत की मांग की है।
जेएनएन, मानसा। चंडीगढ़ में सात किसान संगठनों की किसान रैली से होकर लौट रहे किसानों को बुधवार सुबह तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दो किसानों मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं, गुस्साए किसान संगठनों ने मृत किसानों के परिजनों को दस लाख का मुआवजा व परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी व उनका पूरा कर्ज माफ करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांग नहीं मानी जाती तब तक पोस्टमार्टम नहीं करवाया जाएगा।
बुधवार सुबह चंडीगढ़ रैली से लौटते समय बनूड़ के पास किसानों की गाड़ी ख़राब हो गई। इसके बाद वे गाड़ी से बाहर आ गए। इसी दौरान चंडीगढ़ की ओर से आ रही तेज रफ़्तार कार ने उन्हें भीषण टक्कर मार दी। दो किसानों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक किसानों में ब्लाक भीखीके गांव खीवा कलां निवासी किसान सुरजीत सिंह (60) पुत्र जंगीर सिंह तथा गांव काहनगढ़ ब्लाक बुढलाडा निवासी अजमेर सिंह (58) पुत्र रुलिया सिंह शामिल हैं। दोनों किसान यूनियन उगराहां में सक्रिय थे।
घायलों में खीवा कलां के दर्शन सिंह पुत्र तेजा सिंह, करनैल सिंह पुत्र हरनेक सिंह, दरबारा सिंह पुत्र गुरनाम सिंह और साधु सिंह अलीशेर शामिल हैं। है जिनको पटियाला के राजिन्दरा हस्पताल में दाखिल करवाया गया है। मृतक अजमेर सिंह पर करीब चार लाख 37 हजार रुपये का सहकारी बैंक, आढ़तिए तथा सोसायटी का कर्ज था। उसके पास 1.50 एकड़ जमीन थी। घर में एक बेटा है जो कि मेहनत मजदूरी कर अपना परिवार चला रहा है।
वही मृतक किसान सुरजीत सिंह के पास 5 एकड़ जमीन है तथा उसके सिर पर बैंक का 5 लाख रुपये का कर्ज है। वह अपने पीछे पत्नी तेज कौर, दो बेटियां और दो बेटे छोड़ गया है।