भाजपा उम्मीदवारों व नेताओं का किसानों ने किया विरोध, कार्यक्रम रद करना पड़ा
अब नगर कौंसिल चुनावों में भी भाजपा नेताओं का विरोध होने लगा है। किसान जत्थेबंदियों ने मानसा के वार्ड नंबर 27 में भाजपा के संभावी उम्मीदवार के हक में आए भाजपा नेताओं का विरोध किया जिस कारण उनको वहां से वापस लौटना पड़ा।
संस मानसा : अब नगर कौंसिल चुनावों में भी भाजपा नेताओं का विरोध होने लगा है। किसान जत्थेबंदियों ने मानसा के वार्ड नंबर 27 में भाजपा के संभावी उम्मीदवार के हक में आए भाजपा नेताओं का विरोध किया जिस कारण उनको वहां से वापस लौटना पड़ा।
किसानों ने भाजपा नेताओं की गाडि़यों को वार्ड में नहीं आने दिया। उन्होंने ऐलान किया कि नगर कौंसिल चुनावों में भाजपा के निशान पर लड़ने वाले उम्मीदवारों, उनके हक में प्रचार करने के लिए आने वाले नेताओं का खुला विरोध किया जाएगा व उनको किसी भी जगह कोई रैली आदि नहीं करने दी जाएगी। शहर के वार्ड नंबर 27 में भाजपा द्वारा फरवरी में होने वाली म्यूनिसिपल चुनावों के चलते चुनाव रैली रखी गई थी, जिसमें कुछ भाजपा नेताओं ने शिरकत की। किसान नेताओं ने कहा कि उनके विरोध से एक भाजपा नेता व अन्य को अपने वाहन बीच में छोड़कर वापस लौटना पड़ा। पंजाब किसान यूनियन के प्रांतीय प्रेस सचिव एडवोकेट बलकरण सिंह बल्ली, गुरजंट सिंह मानसा, भारतीय किसान यूनियन डकौंदा के नेता एडवोकेट बलवीर कौर व बलविद्र शर्मा, जमहूरी किसान सभा के नेता मेजर सिंह दूलोवाल, भारतीय किसान यूनियन मानसा के नेता तेज सिंह चकेरियां ने कहा कि भाजपा नेताओं का हर जगह विरोध किया जाएगा। जिला भाजपाध्यक्ष ने कहा, सरकार के इशारे सबकुछ हो रहा
भाजपा नेता सुमीर छाबड़ा व जिला भाजपा अध्यक्ष मक्खन लाल ने कहा कि पार्टी द्वारा उक्त वार्ड में उम्मीदवार घोषित किया जाना था, लेकिन कुछ व्यक्तियों ने उनके प्रोग्राम में आकर बांधा डाली गई। यह सब पंजाब सरकार के इशारे और शह पर किया जा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि पंजाब में माहौल खराब होने के मद्देनजर यहां राष्ट्रपति शासन लगाया जाए।