इलाज के बाद घर लौटे युवक की फिर जागी तलब, इंजेक्शन लगाते ही बिगड़ी तबीयत; मौत
पिता बलजिंदर सिंह ने बताया कि उनका बेटा हरदीप नशे का आदी था। उन्होंने कई बार उसका उपचार भी करवाया। अभी भी वह लुधियाना में एक अस्पताल में उपचाराधीन था।
जगराओं, जेएनएन। मोहल्ला इंदिरा कालोनी के गली नंबर-3 में रहने वाले हरदीप सिंह पुत्र बलजिंदर सिंह की शुक्रवार को चिट्टे का इंजेक्शन लगाने से मौत हो गई। 27 वर्षीय मृतक हरदीप अपने पीछे अपनी चार मासूम लड़कियां और एक पांच महीने का लड़का छोड़ गया है।
पिता बलजिंदर सिंह ने बताया कि उनका बेटा हरदीप नशे का आदी था। उन्होंने कई बार उसका उपचार भी करवाया। अभी भी वह लुधियाना में एक अस्पताल में उपचाराधीन था और शुक्रवार को उसे छुट्टी दिलाकर घर लाए थे। अस्पताल से छुट्टी लेने के बाद उसने सुबह फिर किसी से नशे का इंजेक्शन लेकर लगा लिया। जब वह घर पहुंचा तो उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे तुरंत लुधियाना में प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इलाके में लंबे समय से चल रहा नशे का कारोबार
बलजिंदर सिंह ने आरोप लगाया कि उनके मोहल्ले में पिछले लंबे समय से नशे का धंधा जोरों से चलता आ रहा है। इस संबध में उन्होंने तथा अन्य निवासियों ने कई बार पुलिस को भी सूचित किया लेकिन नशा तस्करों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनके पास जो पैसा था वह भी बेटे के इलाज में खर्च हो गया। इसके अलावा हरदीप के उपचार पर उपचार के लिए उन्होंने अपना घर तक गिरवी रखा हुआ है। वहीं थाना सिटी के प्रभारी जगजीत सिंह ने पीड़ित परिवार को उक्त नशा तस्करों जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें