शादी से दो महीने पहले युवक ने किया एेसा काम, घर में मच गया कोहराम
नशे का टीका लगाने से एक युवक की मौत हो गई। मारे गए युवक की दो महीने बाद शादी थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं।
जेएनएन, श्री माछीवाड़ा साहिब। नशे का टीका लगाने से एक युवक की मौत हो गई। मारे गए युवक की दो महीने बाद शादी थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। मामला थाना कूमकलां अंतर्गत गांव लक्खोवाल का है। जानकारी के अनुसार गांव लक्खोवाल के रहने वाले युवक गोपी कुमार (22) की नशे का टीका लगाने के कारण मौत हो गई। पुलिस ने उसके साथी वरिंदर सिंह उर्फ कैप्टन पर मामला दर्ज किया है। वरिंदर सिंह नशे का आदी है।
मृतक के भाई संदीप कुमार ने बताया कि गोपी फैक्ट्ररी वर्कर था। आरोप है कि शनिवार सुबह नौ बजे गांव का ही वरिंदर सिंह गोपी को घर से बुला कर ले गया। वरिंदर सिंह गोपी को खेतों में ले गया और वहां जाकर उसने गोपी को नशे का टीका लगा दिया, जिससे गोपी की मौत हो गई। मृतक भाई ने बताया कि वरिंदर कुछ दिन पहले ही नशा छुडाओ केंद्र से बाहर आया था।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि गोपी की दो महीने बाद शादी थी, उसने नशा छोड़ दिया था। घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है औ शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। नशे का टीका देने वाले वरिंदर सिंह पर मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल वह फरार है।
बता दें कि पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 15 दिसंबर 2015 को सरकार बनने से पहले बठिंडा में चुनावी रैली के दौरान गुटका साहिब लेकर वादा किया कि चार हफ्ते के भीतर पंजाब को नशे से मुक्त कर दूंगा। मुख्यमंत्री के इस वादे को किए तीन साल हो गए हैं और सरकार के दो साल भी मार्च में पूरे हो जाएंगे। लेकिन पंजाब के हालात नहीं बदले हैं। नशे की चपेट में आकर आए दिन नौजवान अपनी जान गंवा रहे हैं।