दुकान से सामान लाने गई नाबालिग को झांसा देकर किया अगवा, आरोपित युवक गिरफ्तार
आरोपित के खिलाफ केस दर्ज करके मंगलवार उसे अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपित को न्यायिक हिरासत में सेंट्रल जेल भेज दिया है।
लुधियाना, जेएनएन। शादी का झांसा देकर नाबालिगा का अपहरण करने के आरोपित को थाना डिवीजन नंबर 2 पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित के खिलाफ केस दर्ज करके मंगलवार उसे अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपित को न्यायिक हिरासत में सेंट्रल जेल भेज दिया है।
एएसआइ बलजीत सिंह ने बताया कि आरोपित की पहचान इस्लाम गंज निवासी संजू सहोता के रूप में हुई है। पुलिस ने हबीब गंज निवासी महिला की शिकायत पर उसके खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को दिए अपने बयान में महिला ने बताया कि रविवार सुबह 7 बजे उसकी 17 वर्षीय बेटी घर से सामान लेने के लिए दुकान पर गई और लौट कर वापस नहीं आई। बेटी की काफी तलाश करने के दौरान पता चला कि आरोपित ने उसे शादी का झांसा देकर बहलाया फुसलाया और अगवा करके अपने साथ ले गया है।
एएसआइ बलजीत सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने छानबीन शुरू की और सोमवार शाम को आरोपित को इस्लाम गंज इलाके से गिरफ्तार करके नाबालिगा का उसके चंगुल से मुक्त करा लिया। आरोपित और लड़की से पूछताछ की गई है। अब तक की पूछताछ में दुष्कर्म की बात सामने नहीं आई है। फिर भी सिविल अस्पताल में नाबालिगा का मेडिकल कराया गया है। उसकी रिपोर्ट में यदि दुष्कर्म होने की पुष्टि होती है तो आरोपित के खिलाफ दर्ज केस में दुष्कर्म की धाराएं भी जोड़ दी जाएंगी। इसके अलावा नाबालिगा का ड्यूटी मैजिस्ट्रेट के सामने बयान भी दर्ज कराया गया है।
शादी का झांसा देकर नाबालिगा का अपहरण
उधर, शादी का झांसा देकर नाबालिगा का अपहरण करने के आरोपित पर थाना दुगरी पुलिस ने केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू की है। एएसआई मनजीत सिंह ने बताया कि आरोपित की पहचान पखोवाल रोड के करनैल सिंह नगर फेस-2 निवासी भारत के रूप में हुई। पुलिस ने पासी नगर निवासी व्यक्ति की शिकायत पर उसके खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि शनिवार उसकी 17 वर्षीय बेटी घर में किसी को कुछ बताए बगैर कहीं चली गई और लौट कर नहीं आई। उसकी तलाश करने के दौरान उसे पता चला कि आरोपित ने शादी का झांसा देकर उसे बहला फुसल उसका अपहरण कर लिया है। मनजीत सिंह ने कहा कि कर्फ्यू लगा होने की वजह से आरोपित उसे दूर कहीं लेकर नहीं जा सकता। उसके संभावित ठिकानों पर रेड की जा रही है। जल्दी ही उसे काबू करके नाबालिगा का मुक्त करा लिया जाएगा।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें