'मुझसे ज्यादा कमाती हो, Thar खरीद कर दो...'; लुधियाना में पति ने पत्नी को बाल पकड़कर घसीटा
लुधियाना के जस्सिया रोड पर एक पति ने दहेज में थार और बाइक की मांग पूरी न होने पर अपनी ...और पढ़ें
HighLights
पति ने दहेज में थार और बाइक मांगी।
पत्नी को सड़क पर बाल पकड़कर बेरहमी से पीटा।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस जांच जारी।
संवाद सहयोगी, लुधियाना। जस्सिया रोड पर स्थित ग्रीन एन्क्लेव में थार और बाइक की मांग को लेकर एक दहेज लोभी पति की दरिंदगी सामने आई है।
आरोपित पति ने पत्नी के बाल पकड़कर उसे सड़क पर गिरा दिया और लातों से पीटा, जिसकी सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। पीड़िता ने जगतपुरी चौकी पुलिस को शिकायत देकर फुटेज सौंप दी है।
तीन महीने से पत्नी से मांग रहा था थार
जानकारी के अनुसार पीड़िता समराला चौक पर सैलून चलाती है, जबकि उसका पति मेडिकल लाइन में कार्यरत है। पीड़िता की यह दूसरी शादी थी और उसका पहली शादी से एक सात साल का बेटा भी है।
नवंबर 2025 में दोनों का विवाह हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि शादी के करीब तीन महीने बाद ही पति ने उससे थार गाड़ी की मांग शुरू कर दी। महिला की कमाई पति से अधिक होने के कारण आरोपित उस पर गाड़ी खरीदकर देने का दबाव बनाता था, जिसे लेकर अक्सर विवाद होता था।
बीच-बचाव के बाद कुछ समय मामला शांत रहा, लेकिन इसके बाद पति ने बाइक की मांग को लेकर दोबारा विवाद शुरू कर दिया। प्रताड़ना से तंग पत्नी खुद को बचाने के लिए पड़ोसियों के घर चली गई।
बाल पकड़कर सड़क पर घसीटा
आरोप है कि पति वहां भी पहुंच गया और उसका बाल पकड़कर उसे खींचते हुए सड़क पर ले आया, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। मामले की जांच कर रहे एएसआई सुखजिंदर सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत और मौके से मिली सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है।
पुलिस इन साक्ष्यों के आधार पर गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड: दोपहर 12 बजे से जलेगा AAP का चुनाव चिन्ह, आधी रात तक मेडिकल स्टोर खंगालती रही CBI
