लुधियाना में बाबा साहेब आंबेडकर की प्रतिमा का अपमान, जूतों का हार डालने पर बवाल
लुधियाना के जालंधर बाईपास चौक पर डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर जूतों का हार डालने से तनाव फैल गया।
HighLights
लुधियाना में अंबेडकर प्रतिमा पर जूतों का हार डाला गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और वाल्मीकि समाज का विरोध प्रदर्शन।
पुलिस ने आरोपित की गिरफ्तारी और प्रतिमा सुरक्षा का आश्वासन दिया।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। लुधियाना के जालंधर बाईपास चौक पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद मंगलवार को तनाव की स्थिति बन गई। अज्ञात व्यक्ति ने बाबा साहेब की प्रतिमा के गले में जूतों का हार डाल दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और वाल्मीकि समाज के लोगों में भारी रोष फैल गया। बड़ी संख्या में लोग जालंधर बाईपास चौक पर एकत्रित हो गए और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। जिसे भारी ट्रैफिक जाम लग गया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का अपमान किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाए। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी रोष जताया और आरोपित की गिरफ्तारी होने तक प्रदर्शन जारी रखने की बात कही।
घटना की सूचना मिलने पर एडीसीपी-1 समीर वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और जो भी इस कृत्य के लिए जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जालंधर बाईपास चौक पर लगी बाबा साहेब की प्रतिमा की सुरक्षा को लेकर भी कदम उठाए जा रहे हैं। प्रतिमा के आसपास शीशे लगवाने के संबंध में भी काम किया जा रहा है। इसके लिए डीसी कार्यालय को भी लिखकर भेजा गया है।
