पंजाबी सिंगर बागी के शो में गोली चलने की अफवाह, स्टेज पर मची अफरा-तफरी
मंडी गोबिंदगढ़ के खालसा स्कूल में 'सखी शक्ति मेले' के दौरान पंजाबी गायक 'बागी' के प्रदर्शन के समय गोली जैसी आवाज का एक वीडियो वायरल हुआ, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

पंजाबी गायक बागी के शो में गोली चलने की अफवाह से अफरा-तफरी।
HighLights
पंजाबी गायक बागी के शो में गोली जैसी आवाज से हड़कंप।
पुलिस ने गोली चलने से इनकार कर शॉर्ट सर्किट का दावा किया।
वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शी सुरक्षा चूक की ओर संकेत दे रहे।
हितेश शर्मा, मंडी गोबिंदगढ़। औद्योगिक नगरी के खालसा स्कूल में विवादों के साए में आयोजित 'सखी शक्ति मेले' के दौरान हुई एक संदिग्ध घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में पंजाबी गायक 'बागी' की लाइव परफॉर्मेंस के दौरान अचानक गोली जैसी तेज आवाज सुनाई देती है, जिससे एक पल के लिए गायक खुद भी घबरा जाते हैं और मंच पर अफरा-तफरी का माहौल बन जाता है। हालांकि, मौके पर तैनात पुलिस और गायक के निजी सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत स्थिति को संभाला, जिसके बाद कार्यक्रम को आगे जारी रखा गया।
सूत्रों के मुताबिक, यह आवाज गायक के ही एक निजी सुरक्षाकर्मी के हथियार से चली गोली की थी। गनीमत यह रही कि गोली चलते समय बंदूक की नाल आसमान की तरफ थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। सार्वजनिक आयोजनों में इस तरह हथियारों का प्रदर्शन और लापरवाही किसी बड़ी अनहोनी को न्योता दे सकती है।
पंजाब में लाइव कॉन्सर्ट या सांस्कृतिक कार्यक्रमों में फायरिंग की घटनाएं पहले भी चिंता का विषय रही हैं। इससे पहले भी गायक सिद्धू मूसेवाला और अन्य कलाकारों के शो व कार्यक्रमों में हवाई फायरिंग की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, जिसको लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा सख्त दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।
इस पूरे घटनाक्रम पर जब मंडी गोबिंदगढ़ के थाना प्रभारी संदीप सिंह से बात की गई तो उन्होंने मेले में गोली चलने की बात से साफ इनकार कर दिया। थाना प्रभारी का कहना है कि पुलिस के पास इस संबंध में कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। उन्होंने दावा किया कि मंच के पास शॉर्ट सर्किट होने के कारण धमाके जैसी आवाज हुई थी, जिसे गलतफहमी में गोली चलने की आवाज समझा जा रहा है।
पुलिस भले ही इसे शॉर्ट सर्किट करार दे रही हो, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो और मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के दावे मामले में सुरक्षा चूक की ओर इशारा कर रहे हैं।
