लुधियाना के गुरुद्वारा दुख निवारण की नई इमारत से तांबा चोरी करते दाे कारीगर गिरफ्तार
गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब में नई बन रही इमारत में पेंट का काम करने वाले दो कारीगर वहां से बिजली की तारें चोरी करते रहे।अब थाना डिवीजन नं. 2 पुलिस ने दोनाें को चार किलो तांबे के साथ गिरफ्तार किया है।
लुधियाना, जेएनएन। गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब में नई बन रही इमारत में पेंट का काम करने वाले दो कारीगर बिजली की तारें चोरी करते रहे। अब थाना डिवीजन नं. 2 पुलिस ने दोनाें को चार किलो तांबे के साथ गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ केस दर्ज करके सोमवार अदालत में पेश किया गया जहां से एक दिन का रिमांड हासिल करके कड़ी पूछताछ की जा रही है।
एएसआइ बलजीत सिंह ने बताया कि आरोपितों की पहचान अांबेडकर नगर निवासी जगन प्रसाद तथा परागदीन के रूप में हुई। पुलिस ने अमरपुरा निवासी गुरभेज सिंह की शिकायत पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि वह लंगर हाल में सेवा करता है। कूचा नंबर 1 में गुरुद्वारा साहिब की नई इमारत बन रही है, जिसमें दोनों आरोपित पेंट का काम कर रहे थे।
28 अक्टूबर की शाम जब वह लंगर हाल से बाहर आया तो नई इमारत की छत से धुआं उठता देख वहां चला गया। वहां जाकर देखा तो आरोपित इमारत में लगाने के लिए मंगाई गई बिजली की नई तारों को जलाकर उनमें से तांबा निकाल रहे थे। उसे देखकर दोनों फरार हो गए।
पुलिस ने रविवार काे दोनाें को घर से काबू कर उनके कब्जे से फिलहाल चार किलो तांबा बरामद किया है। बलजीत सिंह ने कहा कि अभी रिमांड के दौरान पता लगाया जाएगा कि वह इससे पहले कितनी तारें जलाकर तांबा बेच चुके हैं।