पुलिस ने रेड कर 10 किलो चूरापोस्त के साथ महिला समेत दो तस्कर पकड़े
थाना साहनेवाल पुलिस ने चूरापोस्त तस्करी करने वाली महिला और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। उनसे 10 किलो चूरापोस्त बरामद किया गया।
जासं, लुधियाना : थाना साहनेवाल पुलिस ने चूरापोस्त तस्करी करने वाली महिला और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। उनसे 10 किलो चूरापोस्त बरामद किया गया। दोनों के खिलाफ केस दर्ज करके शुक्रवार उन्हें अदालत में पेश किया गया। जहां से एक दिन का रिमांड हासिल करके कड़ी पूछताछ की जा रही है। सब इंस्पेक्टर हरपाल सिंह ने बताया कि आरोपितों की पहचान गांव नंदपुर की प्रेम कालोनी में रहने वाले मोहनी राम तथा उसी इलाके में रहने वाली राज रानी पत्नी मनजीत सिंह के रूप में हुई। पुलिस को वीरवार शाम सूचना मिली थी कि दोनों आरोपित चूरापोस्त तस्करी का अवैध धंधा करते हैं। दोनों को अपने घर के निकट श्मशानघाट के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
नशा तस्करी मामले में भगोड़ा गिरफ्तार, जेल भेजा
नशा तस्करी के मामले में तीन साल से भगोड़े आरोपित को थाना शिमलापुरी पुलिस ने गिरफ्तार किया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। एएसआइ अजमेर सिंह ने बताया कि आरोपित की पहचान शिमलापुरी के मोहल्ला नानकसर निवासी सनी कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने 2015 में उसे 100 ग्राम नशीले पाउडर के साथ गिरफ्तार किया था। अदालत से जमानत मिलने के बाद आरोपित फरार था। 2017 में अदालत ने उसे भगोड़ा करार दे दिया। वीरवार पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित गिल नहर पुल के पास खड़ा है। सूचना पर वहां दबिश देकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया।