TV Star ने चखा लस्सी का स्वाद और डाला भंगड़ा, मेहमाननवाजी के हुए कायल Ludhiana News
अभिनेत्री वृषिका मेहता व कुंडली भाग्य में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाने वाले अभिषेक कपूर ने कहा कि वह लुधियानवियों की मेहमाननवाजी के कायल हो गए हैं।
लुधियाना, जेएनएन। कहते हैं पंजाबियां दी शान वखरी। पंजाबियों के शौक भी निराले हैं। वे जहां खाने-पीने के शौकीन हैं, वहीं मेहमाननवाजी में तो इनका जवाब ही नहीं। यह कहना है टेलीविजन अभिनेत्री वृषिका मेहता और अभिनेता अभिषेक कपूर का। वह रविवार को शहर में पहुंचे थे।
दोनों एक चैनल पर आयोजित होने वाले सालाना अवार्ड समारोह को लेकर लुधियानवियों से रूबरू होने पहुंचे थे। दोनों कलाकारों ने शहर को देखा और लोगों से बातचीत कर उनके मिजाज, खानपान, रहन-सहन व लोक नृत्य के बारे में जाना। दोनों कलाकारों ने कहा कि वह श्री दुख निवारण गुरुद्वारा साहिब गए। इसके बाद मोचपुरा बाजार में अपने को-स्टार्स और परिवार के सदस्यों के लिए शॉपिंग की। अंत में दोनों कलाकारों ने बीआरएस नगर की सोसायटी में ढोल की बीट पर भंगड़ा डाला और लोगों से खुलकर बातचीत व मस्ती करते हुए गेम्स भी खेलीं।
टीवी सीरियल 'ये तेरी गलियां' की अस्मित की प्रसिद्ध अभिनेत्री वृषिका मेहता व कुंडली भाग्य में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाने वाले अभिषेक कपूर ने कहा कि वह लुधियानवियों की मेहमाननवाजी के कायल हो गए हैं। यहां के लोग काफी मिलनसार व खुशमिजाज हैं। खुद आगे आकर मिलते हैं। खाना तो बड़े प्यार से खिलाते हैं।
लस्सी पी, नान पर मक्खन लगा स्वाद चखा
अभिषेक व वृषिका कहते हैं कि शहर में कदम रखते ही सबसे पहले वह लक्कड़ बाजार में पहुंचे। वहां की लस्सी काफी प्रसिद्ध है। वाकई में लस्सी का स्वाद गजब था। पेट भर गया, लेकिन मन नहीं भरा। फिर बंसी के ढाबे के बारे में काफी सुन रखा था। वहां मक्खन के साथ नान को टेस्ट किया। वृषिका ने कहा कि उन्होंने तो नान बनाना सीखा भी।
अवॉर्ड समारोह का शहर के 70 लोगों को आमंत्रण
अभिषेक व वृषिका ने कहा कि वह लुधियाना पहली बार आए हैं, लेकिन जिस तरह से यहां के लोगों ने उनका स्वागत किया, उससे ऐसा लग रहा था जैसे वह यहीं के हों। वह चाहेंगे कि दोबारा इस शहर में आएं। दोनों कलाकारों ने कहा कि वह अवॉर्ड समारोह में शहर के लोगों को आमंत्रित करने के लिए आए थे। शहर से करीब 70 से अधिक लोगों को आमंत्रित किया गया है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें