4 से 6 फरवरी तक मुकम्मल तौर पर बंद रहेंगी पंजाब रोडवेज और पनबस की बस सेवा
पंजाब रोडवेज और पनबस कांट्रेक्टर वर्कर्स यूनियन पंजाब के आमंत्रण पर बुधवार को पंजाब के सभी बस डिपो में गेट रैलियां निकाली गई।
जासं, लुधियाना : पंजाब रोडवेज और पनबस कांट्रेक्टर वर्कर्स यूनियन पंजाब के आमंत्रण पर बुधवार को पंजाब के सभी बस डिपो में गेट रैलियां निकाली गई। इस दौरान एलान किया गया कि 4 से 6 फरवरी तक पनबस मुकम्मल तौर पर हड़ताल कर बसों का चक्का जाम किया जाएगा। सभी बस स्टैंड बंद करके पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए जाएंगे। 5 फरवरी को पटियाला, चंडीगढ़ और दीनानगर में रोष रैलियां निकाली जाएंगी। रैली में यूनियन के नेताओं ने कहा कि सरकार पंजाब रोडवेज पनबस कांट्रेक्टर वर्कर्स यूनियन की जायज मांगों को लंबे समय से लटकाती आ रही है। ठेकेदारी सिस्टम द्वारा वर्करों का आर्थिक, मानसिक व शारीरिक शोषण किया जा रहा है। मगर अब यूनियन ने सरकार के साथ आरपार की लड़ाई का एलान किया है। उन्होंने कहा कि अगर फिर भी सरकार उनकी मांगों को नहीं मानेगी तो वो अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे। उस दौरान मुख्य मंत्री तथा ट्रांसपोर्ट मंत्री के शहर में धरने प्रदर्शन भी किए जाएंगे। उस दौरान होने वाले नुकसान के लिए पंजाब सरकार जिम्मेदार होगी, क्योंकि सरकार को एक महीने पहले ही हड़ताल का नोटिस भेज दिया गया है।
ये हैं यूनियन की मांगें
पनबस में काम कर रहे वर्करों को बिना शर्त पंजाब रोडवेज में पक्का किया जाए।
-सुप्रीम कोर्ट का फैसला बराबर काम बराबर वेतन को लागू किया जाए।
-पनबस वर्करों पर लगाई गई नाजायज शर्तो को रद किया जाए।
-टिकट के लिए सवारी की जिम्मेदारी तय की जाए। इसके अलावा कई अन्य मांगें भी हैं।