लुधियाना में अब चार मरीज कोरोना पॉजिटिव, शिमलापुरी की महिला भी संक्रमित
गुरदेव नगर अमरपुरा के बाद अब शिमलापुरी में कोरोना वायरस ने दस्तक दे दी है। वहां की 69 वर्षीय महिला कोरोना से पॉजिटिव पाई गई है
लुधियाना, जेएनएन। गुरदेव नगर, अमरपुरा के बाद अब शिमलापुरी में कोरोना वायरस ने दस्तक दे दी है। वहां की 69 वर्षीय महिला कोरोना से पॉजिटिव पाई गई है। सिविल सर्जन डॉ. राजेश बग्गा ने इसकी पुष्टि की। उनके अनुसार महिला फोर्टिस अस्पताल में भर्ती है और वेंटीलेटर पर है। महिला के सैंपल वीरवार सुबह भेजे गए थे। इसकी रिपोर्ट रात्रि नौ बजे आई।
सिविल सर्जन के अनुसार महिला की रिपोर्ट कोरोना पॉजीटिव आते ही सेहत विभाग की रैपिड रिस्पांस टीमों को इलाके में भेज दिया गया। टीमों ने महिला के घर के आसपास रहने वाले करीब एक दर्जन से अधिक लोगों के सैंपल लिए। जिले में कोरोना पॉजीटिव के चार मरीज सामने आ चुके हैं। चारों महिलाएं हैं।
सिविल सर्जन डा. राजेश बग्गा ने बताया कि वीरवार रात्रि दो टीमें इलाके में गई और महिला के परिवार से मिली। परिवार में दो सदस्य हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि महिला 17 मार्च को लुधियाना से बस में मोहाली गई थी। वहां भतीजी के रुकी। 23 मार्च को महिला में कोरोना वायरस के संदिग्ध खांसी, जुकाम, बुखार के लक्षण आने शुरू हो गए थे। 31 मार्च को महिला की हालत खराब हो गई। उसकी सांस फूलने लगी। उसे प्राइवेट अस्पताल की एंबुलेंस से मोहाली से लुधियाना के चंडीगढ़ रोड स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
अब आगे सेहत विभाग का कदम
सेहत विभाग की टीमें जांच कर रही है। अधिकारियों को संदेह है कि महिला मोहाली में किसी कोरोना पॉजीटिव मरीज के संपर्क में न आई हो। दूसरी आशंका यह भी है कि महिला को बस में सफर के दौरान किसी से संक्रमण न हो गया हो। शुक्रवार को सेहत विभाग की टीम मोहाली जाएगी और महिला की भतीजी से मिलेगी। टीम यह जानेगी कि मोहाली रुकने के दौरान महिला कहां-कहां गई और किस-किस से मिली। इसके साथ ही उस बस को भी ढूंढा जाएगा, जिसमें महिला ने सफर किया था।
सीएमसी में दो महिलाओं की मौत, कोरोना के लक्षण नहीं
वीरवार दोपहर को सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड से बुधवार रात्रि रेफर की गई दो महिलाओं ने सीएमसी अस्पताल में दम तोड़ दिया। इनमें से एक की उम्र 27 और दूसरी की 46 साल है। इन दोनों महिलाओं के सैंपल पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में भेजे गए थे। देर रात को उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। राहों रोड मेहरबान निवासी 27 वर्षीय विवाहिता को उसे खांसी की शिकायत थी। देर रात उन्हें हालत खराब होने पर अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। वहीं बहादुरके रोड बाजीगर कॉलोनी निवासी 46 वर्षीय महिला बुधवार तड़के चार बजे सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंची थी। उसे सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। शुगर लेवल भी काफी बढ़ा हुआ था।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें