सड़क हादसों के नाम रहा बुधवार, साइकिल सवार सहित तीन लोगों की मौत
शहर में हुई दुर्घटनाओं में 3 लोगों की मौत हुई है।
जागरण संवाददाता, लुधियाना: शहर में हुई दुर्घटनाओं में 3 लोगों की मौत हुई है। ढोलेवाल चौक के नजदीक एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। थाना डिवीजन छह की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि मृतक परविंदर कुमार 48 साल ग्यासपुर का रहने वाला था। जोकि किसी कंपनी में मजदूरी करता था। उन्होंने बताया कि परविंदर बुधवार की सुबह अपनी साइकिल पर सवार होकर काम पर जा रहा था। ढोलेवाल चौक पर एक तेज रफ्तार कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। आरोपित कार चालक मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना डिवीजन 3 में बुधवार को एक वाहन की चपेट में आकर एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हुई है, जिसकी उम्र करीब 60 साल की है। शिनाख्त नहीं हो सकी है। फिलहाल थाना डिवीजन 3 के एएसआइ जगदीश राज ने शव को 72 घंटों के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
वहीं जंडियाली रोड पर टाटा 1109 की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। थाना फोकल प्वाइंट पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल गुरमीत सिंह ने बताया कि मृतक मनप्रीत सिंह 35 साल गांव बलाला समराला का रहने वाला था।