विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 30, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

CoronaVirus Third Wave Alert: लुधियाना CMC अस्पताल का दावा-सितंबर के बाद आएगी काेराेना का तीसरी लहर, इस तरह करें बचाव

By Vipin KumarEdited By:
Published: Wed, 30 Jun 2021 09:10 AM (IST)Updated: Wed, 30 Jun 2021 11:06 AM (IST)

CoronaVirus Third Wave Alert कोरोना की तीसरी लहर से बचने के लिए जरूरी है कि सितंबर से पहले तक 70 ...और पढ़ें

काेराेना की तीसरी लहर काे रोकने के लिए टीकाकरण जरूरी। (सांकेतिक तस्वीर)
काेराेना की तीसरी लहर काे रोकने के लिए टीकाकरण जरूरी। (सांकेतिक तस्वीर)

जागरण संवाददाता, लुधियाना। CoronaVirus Third Wave: कोरोना की संभावित तीसरी लहर सितंबर 2021 के बाद आ सकती है। यह संभावना लुधियाना स्थित क्रिश्चियन मेडिकल काॅलेज (सीएमसी) एवं अस्पताल के कम्युनिटी मेडिसन विभाग ने जताई है। विभाग की ओर से कोरोना को लेकर प्रिडिक्टिव माडलिंग (लाजिस्टिक माडलिंग) के जरिये देखा जा रहा है कि कोरोना को लेकर मौजूदा समय में ट्रेंड क्या है।

विभाग के प्रमुख डाॅ. क्लारेंस जे. सैमुअल का कहना है कि रोजाना पाॅजिटिव आने वाले केसों का डाटा एनालिसिस करके विभाग एक सप्ताह, एक महीने या दो महीने में कोरोना से क्या स्थिति होगी, उसका आकलन करता है। पहली व दूसरी लहर में अब तक हमारी तरफ से लगाए गए सभी आकलन सही साबित हुए हैं। अभी हमने जो गणना की है, उसके मुताबिक संभावना है कि सितंबर के अंत और अक्टूबर में कोरोना की तीसरी लहर आ सकती है। इसकी एक वजह यह भी है कि जिन लोगों को मार्च तक वैक्सीन लगी है, उनकी इम्युनिटी सितंबर तक रहेगी। क्योंकि वैक्सीन का असर हमेशा के लिए नहीं, बल्कि कुछ निश्चित अवधि तक होता है।

वैक्सीन से छह महीने तक रहती है इम्युनिटी

अब तक की गई स्टडी में सामने आया है कि वैक्सीन से इम्युनिटी कम से कम छह महीने तक रहती है। ऐसे में जिन लोगों को मार्च में वैक्सीन लगी है, उनकी इम्युनिटी सितंबर से कम होना शुरू हो जाएगी। हालांकि, यहां यह भी निर्भर करेगा कि आने वाले दिनों में कोरोना को लेकर हमारा व्यवहार क्या है। सरकार की तरफ से कर्फ्यू में काफी हद तक छूट दी जा चुकी हैं। पाबंदियों को हटा दिया गया है, जिसके बाद बाजारों और सार्वजिनक स्थानों पर भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। दूसरा यह भी देखना होगा कि वैक्सीन नए वैरिएंट पर प्रभावी है या नहीं।

सितंबर से पहले तक 70 फीसद आबादी का टीकाकरण जरूरी

कोरोना की तीसरी लहर से बचने के लिए जरूरी है कि सितंबर से पहले तक 70 फीसद आबादी को टीका लगा दिया जाए। इसके साथ ही जिले में या पंजाब में अगर कोई भी वैरिएंट आ रहा है, तो उसकी रोकथाम के लिए तुरंत एक्शन लिया जाना चाहिए। नए वैरिएंट से संक्रमित व्यक्ति की कांटैक्ट ट्रेसिंग व सैंपलिंग गहन रूप से होनी चाहिए। हालांकि, राहत की बात यह है कि पंजाब में अभी नया वैरिएंट कंट्रोल में है।