हेराेइन की डिलीवरी करने जा रहे तीन गिरफ्तार, तस्करों में एक महिला भी शामिल
पुलिस ने बीते चौबीस घंटों के दौरान हेरोइन तस्करी के आरोप में महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस तीन केस दर्ज करके मामलों की छानबीन कर रही है।
जेएनएन, लुधियाना। पुलिस ने बीते चौबीस घंटों के दौरान हेरोइन तस्करी के आरोप में महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इन लोगों के खिलाफ तीन केस दर्ज करके छानबीन की जा रही है। पुलिस की एसटीएफ टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर चंडीगढ़ रोढ के सेक्टर-39 स्थित राम दरबार मंदिर के पास नाकाबंदी करके स्कूटर पर आ रही महिला को गिरफ्तार किया। इस महिला के कब्जे से 50 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है और थाना मोती नगर में केस दर्ज किया गया है। एएसआइ रामपाल ने बताया कि उसकी पहचान न्यू पंजाबी बाग कॉलोनी निवासी रेखा गोयल के रूप में हुई है। महिला लंबे समय से तस्करी का काम कर रही थी।
उधर, पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल टीम ने बस स्टैंड के पास नाकाबंदी करके एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इस व्यक्ति के कब्जे से 25 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। आरोपित के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर पांच में केस दर्ज किया गया। एएसआइ मेजर सिंह ने बताया कि आरोपित की पहचान मोगा के सरदार नगर निवासी विजय कुमार के रूप में हुई है।
वहीं थाना दुगरी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर पखोवाल रोड स्थित होटल कीज के पास रेड करके एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से तीन ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। एएसआइ मोहन लाल ने बताया कि आरोपित की पहचान मुलांपुर दाखा निवासी यूसफ यादव के रूप में हुई है।