कूड़ा डंप हटाने को लेकर पूर्व पार्षद और सफाई कर्मचारियों में तनी
दोराहा के वार्ड नंबर तीन और सात में पड़ते कूड़े के डंप का मामला दिन-ब-दिन बिगड़ता जा रहा है।
संसू, दोराहा : दोराहा के वार्ड नंबर तीन और सात में पड़ते कूड़े के डंप का मामला दिन-ब-दिन बिगड़ता जा रहा है। मौजूदा पार्षद पति व पूर्व पार्षद मनदीप सिंह मांगट ने वार्ड निवासियों के साथ इस कूड़े के ढेर को इलाके से उठाने के लिए मोर्चा खोल रखा है। कूड़े के ढेर के पास ही टेंट लगा समर्थकों के साथ बैठे लोग कूड़ा फेंकने से कर्मचारियों को रोक रहे हैं, वहीं इस मामले में वोट बैंक मजबूत करने की लालसा में विपक्षी पार्टियां भी धरने का समर्थन कर रही हैं। सफाई कर्मचारियों द्वारा गाली-गलौज और हाथापाई के आरोप लगाकर काम छोड़ हड़ताल कर दी गई है। सफाई कर्मचारियों द्वारा अपने संघर्ष को तेज करते हुए एक दरखास्त दोराहा नगर कौंसिल व दूसरी दोराहा पुलिस थाना में दी गई है। इसके बावजूद मामले का हल होता ना देखकर सफाई कर्मचारियों द्वारा दोराहा पुलिस थाने के सामने बैठकर रोष प्रदर्शन करने के उपरांत पूर्व पार्षद मनदीप मांगट के खिलाफ बाजार में रोष मार्च निकाला गया। इसमें सैकड़ों सफाई कर्मचारी शामिल हुए वहीं सफाई कर्मचारियों के काम छोड़ देने से शहर की हालत बद से बदतर हो रही है और सफाई कर्मचारी मनदीप मांगट के माफी मांगने पर अड़े हुए हैं।
सफाई कर्मचारी रॉकी सहोता ने कहा कि जब तक मनदीप मांगट लिखित रूप से माफी नहीं मांगेंगे, हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर कौंसिल कांग्रेस की है और पूर्व पार्षद भी कांग्रेस के हैं। वे अपनी पार्टी से बात करके इस समस्या का हल करवाते परंतु उन्होंने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। रॉकी सहोता ने कहा कि यह कूड़े का डंप करीब 20 साल से वहां लगा हुआ है, जिसके लिए नवनियुक्त प्रधान सुदर्शन शर्मा पप्पू द्वारा वहां से उसे बदलने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं जिसमें थोड़ा समय लगना है। परंतु पार्षद द्वारा जोर जबरदस्ती से इस काम को करवाने का प्रयास किया जा रहा है। आरोप बेबुनियाद : मांगट
पूर्व पार्षद मनदीप सिंह मांगट ने कहा कि सफाई कर्मचारियों द्वारा लगाए गए आरोप बेबुनियाद और झूठे हैं। उन्होंने कहा कि वे लोगों के प्रतिनिधि हैं और लोगों की समस्या के प्रति सोचना व उन्हें हल करवाना उनकी जिम्मेवारी है। जब विभाग के कर्मचारियों को वहां कूड़ा फेंकने से रोका गया था तो वे जानबूझकर कूड़ा क्यों फेंकने आए। कूडे़ का डंप हटवाने का कर रहे प्रयास : कौंसिल प्रधान
दोराहा नगर कौंसिल के प्रधान सुदर्शन शर्मा पप्पू ने कहा कि हम दोनों पक्षों में तालमेल करवाने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था बनी रहेगी। उन्होंने कूड़े के डंप के बारे में कहा कि उसे वहां से हटवाने का जल्द से जल्द प्रयास किया जा रहा है।