यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 11, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
क्लिनिक में साथियों के साथ घुसकर केयरटेकर ने महिला डॉक्टर पर किया हमला, सोने की चेन और नकदी लूटने का भी आरोप
लुधियाना के जोशी नगर में एक क्लिनिक में केयरटेकर और उसके साथियों ने एक महिला डॉक्टर पर हमला कर सोने ...और पढ़ें

HighLights
- क्लिनिक में घुसकर महिला डॉक्टर पर हमला
- सोने की चेन और नकदी लूटी गई
- आरोपी केयरटेकर और उसके साथी फरार
जागरण संवाददाता, लुधियाना। जोशी नगर स्थित क्लीनिक में घुसकर केयरटेकर ने दो साथियों के साथ मिलकर महिला डॉक्टर पर हमला कर सोने की चेन झपट ली। थाना हैबोवाल पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
आरोपितों की पहचान अन्नु रानी (केयरटेकर), शैली और दीपक शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस को दी शिकायत में हैबोवाल कलां निवासी आशिमा खोसला ने बताया कि वह आर्थो की डॉक्टर है और जोशी नगर में उसका क्लीनिक है।
उसके पिता सुनार थे और सरगोधा कॉलोनी में अकेले रहते थे, जिस कारण आरोपित अन्नु उसके पिता के घर पर केयरटेकर का काम करती थी। 23 अप्रैल को उसके पिता की मौत हो गई। महिला का आरोप है कि दो मई को उसे पता चला कि आरोपित अन्नु ने उसके पिता की दुकान की चाबियां अपने पास रखी हैं, जोकि अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर दुकान पर गई है।
जब उसने आरोपित को फोन किया तो वह अपने उक्त साथियों के साथ मिलकर उसके क्लीनिक पर आ गई। उन्होंने उस पर हमला किया और उसके गले में पहनी सोने की चेन झपट ली। इसके बाद उन्होंने दराज में से 18 हजार की नकदी निकाल ली।
जब क्लीनिक में काम करने वाली दो महिला डॉक्टर सिमरन और उर्मिला ने शोर मचाया तो आरोपित जान से मारने की धमकियां देते हुए फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
