लोस चुनाव में ईवीएम को बदल बैलेट पेपर से हो वोटिंग : सुखविंदर
हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस के प्रधान एवं विधायक ठाकुर सुखविंदर सिंह सुखू लुधियाना पहुंचे।
जासं, लुधियाना : लोक सभा चुनाव में ईवीएम को बदलकर बैलेट पेपर से वोटिंग करवानी चाहिए। क्योंकि पिछले काफी समय से ईवीएम में घपलेबाजी होने के आरोप लगते आ रहे हैं। इसको लेकर चुनाव आयोग को जल्द ही फैसला लेना चाहिए। यह कहना है हिमाचल प्रदेश के कांग्रेस के प्रधान एवं विधायक ठाकुर सुखविंदर सिंह सुखू का। सुखू ने कहा कि भाजपा सरकार पर सभी पार्टियों की तरफ से लगातार आरोप लगाए जा रहे हैं कि उन्होंने ईवीएम मशीनों से छेड़छाड़ की हुई है, जिस कारण कई राज्यों में उन्होंने जीत हासिल कर दी। इसको देखते हुए चुनाव आयोग को लोक सभा चुनाव में बैलेट पेपर से चुनाव करवाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पिछले लोस चुनाव से पहले भाजपा ने जनता से कई झूठे वादे कर गुमराह किया था लेकिन अब लोगों को पता चल गया है कि मोदी सरकार ने देश में कोई भी विकास नहीं किया, बल्कि मंहगाई आसमान को छूने लगी है। जिससे आम जनता की कमर टूट गई है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने नोट बंदी से पहले पूरे देश में भाजपा के कार्यालयों को लेकर 270 जगहों पर जमीन खरीदी थी। उसके कुछ महीने बाद नोटबंदी कर दी। उन्होंने कहा कि इसकी भी जांच होनी चाहिए। इसके अलावा भाजपा ने लोस चुनाव से पहले वादा किया था कि लोकपाल बिल लेकर आएंगे। लेकिन सत्ता में आने के बाद लोकपाल बिल का मुद्दा खत्म कर दिया गया। क्योंकि भाजपा भ्रष्टाचार पर रोक नहीं लगाना चाहती। उन्होंने बताया कि कैप्टन सरकार के राज में विकास को गति मिलने लगी है।