दामाद को बचाने के लिए कैप्टन बढ़ा रहे डीजीपी अरोड़ा का कार्यकाल : खैहरा
पंजाब एकता पार्टी बनाने वाले सुखपाल सिंह खैहरा ने आप और अकाली दल के साथ-साथ कैप्टन सरकार पर तीखा हमला शुरू कर दिया है।
जासं, लुधियाना : आम आदमी पार्टी (आप) से अलग होकर पंजाब एकता पार्टी बनाने वाले सुखपाल सिंह खैहरा ने प्रदेश में अपना आधार बनाने के लिए आप और अकाली दल के साथ-साथ कैप्टन सरकार पर तीखा हमला शुरू कर दिया है। सरकार के साथ-साथ उन्होंने मुख्यमंत्री कैप्टन अम¨रदर सिंह पर अब निजी हमले करने शुरू कर दिए।
शनिवार को सुखपाल खैहरा लुधियाना पहुंचे। डीजीपी सुरेश अरोड़ा का कार्यकाल बढ़ाए जाने पर उन्होंने मुख्यमंत्री को आड़े हाथ लिया। कहा कि मुख्यमंत्री अपने दामाद को बचाने के लिए भाजपा शीर्ष नेतृत्व के हाथों की कठपुतली बन चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब पुलिस को मुख्यमंत्री नहीं बल्कि दिल्ली बैठकर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल चला रहे हैं। इसी का परिणाम है कि बार-बार डीजीपी सुरेश अरोड़ा के कार्यकाल में बढ़ोत्तरी की जा रही है। खैहरा ने आरोप लगाया कि कैप्टन के दामाद के खिलाफ सीबीआइ में केस चल रहा है और उनके परिवार के लोगों का पैसा स्विस बैंक में पड़ा है। कैप्टन अम¨रदर पर केंद्र सरकार का शिंकजा है, इसलिए वह भाजपा शीर्ष नेतृत्व के हाथों में खेल रहे हैं। सहयोगी सहमत हुए तो हरसिमरत के खिलाफ बठिंडा से लड़ूंगा चुनाव
खैहरा ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए सभी छोटी-छोटी पार्टियों के साथ एकजुट होने की बात चल रही है। अगर सहयोगी सहमत हुए तो वह बठिंडा से हरसिमरत कौर बादल के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि शनिवार को लुधियाना में पूरे पंजाब से नवनियुक्त पार्टी पदाधिकारियों को बुलाया गया था ताकि लोकसभा चुनाव के लिए होने वाले गठबंधन पर विचार किया जा सके। उन्होंने कहा कि पार्टी ने फैसला किया है कि अगर गठबंधन होता है तो लोकसभा चुनाव में सहयोगियों के साथ हिस्सा लिया जाए। कैप्टन और अकाली मिलकर चला रहे सरकार
खैहरा ने बिक्रम सिंह मजीठिया पर भी निशाना साधा। कहा कि कैप्टन और अकाली दल मिलकर सरकार चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि मजीठिया पर नशे के कारोबार में लिप्त होने के इतने आरोप लगे लेकिन उनके खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि कोई भी पार्टी नशे के खिलाफ नहीं बोल रही है। उन्होंने विधानसभा से लेकर सड़क पर नशा का मुद्दा उठाया तो सरकार ने उनके खिलाफ ही नशे का मामला दर्ज कर दिया। इससे साफ है कि सरकार और अकाली दल मिलकर चल रहे हैं।
केजरीवाल को बताया पद का भूखा
सुखपाल खैहरा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के कन्वीनर के खिलाफ भी जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने पद अपने पास रखने के लिए पार्टी संविधान में तीन बार बदलाव कर दिया। केजरीवाल को पद का लालच है और वह पार्टी में किसी की सुनने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में जिस व्यक्ति ने चुनाव हराया, उसी व्यक्ति को फिर से पंजाब का इंचार्ज लगा दिया। इससे कार्यकर्ता नाराज हैं और उन्होंने इसी कारण पंजाब एकता पार्टी का गठन किया।