विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लुधियाना में पराली के धुएं में भिड़ीं दो मोटरसाइकिलें, आग में गिरने से महिला की मौत

Published: Thu, 19 Nov 2026 10:48 PM (IST)

पंजाब के दोराहा में पराली जलाने से सड़क पर फैले धुएं के कारण दो मोटरसाइकिलों की टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला की आग में झुलसकर मौत हो गई।

पराली जलाने से सड़क पर फैला धुआं, दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में महिला की मौत।

पराली जलाने से सड़क पर फैला धुआं, दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में महिला की मौत।

HighLights

  1. पराली जलाने से सड़क पर घना धुआं फैल गया।

  2. धुएं के कारण दो मोटरसाइकिलों की भीषण टक्कर हुई।

  3. हादसे में महिला की जलकर मौत, तीन अन्य घायल।

संवाद सहयोगी, दोराहा। पंजाब में पराली जलाने पर प्रतिबंध के बावजूद खेतों में पराली को आग लगाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसी लापरवाही के चलते दोराहा के नजदीकी गांव जैपुरा के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया।

खेत में पराली जलाने से सड़क पर फैले घने धुएं के कारण दो मोटरसाइकिलों की आपस में टक्कर हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार पति-पत्नी खेत में जा गिरे, जहां आग की चपेट में आने से पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से झुलस गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गांव शाहपुर निवासी नागेंद्र सिंह अपनी पत्नी मनजीत कौर के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहे थे। इसी दौरान दूसरी तरफ से पायल निवासी जसपाल सिंह अपनी पत्नी सुरेंद्र कौर के साथ मोटरसाइकिल पर आ रहे थे। जब दोनों मोटरसाइकिलें गांव जैपुरा के पास पहुंचीं तो वहां एक खेत में पराली को आग लगाई हुई थी।

इसके कारण सड़क पर धुएं का गुबार फैल गया और वाहन चालकों को सामने से आ रहे वाहन दिखाई नहीं दिए। धुएं के कारण दोनों मोटरसाइकिलों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद नागेंद्र सिंह और उनकी पत्नी मनजीत कौर खेत में जा गिरे।

खेत में लगी आग की चपेट में आने से मनजीत कौर बुरी तरह झुलस गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, नागेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले दोराहा के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए लुधियाना रेफर कर दिया गया।

इस हादसे में दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार जसपाल सिंह और उनकी पत्नी सुरेंद्र कौर को भी गंभीर चोटें आईं। दोनों को दोराहा के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस संबंध में डीएसपी पायल हरमनप्रीत सिंह चीमा ने बताया कि पुलिस द्वारा खेत मालिक गुरदीप सिंह के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि खेत में पराली जलाने के कारण सड़क पर धुआं फैलने से यह गंभीर हादसा हुआ है और मामले की जांच की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।