लुधियाना में तेज रफ्तार का कहर, कार ने 5 लोगों को रौंदा; सब्जी विक्रेता की मौत
लुधियाना के ईस्सा नगरी पुली इलाके में एक तेज रफ्तार वरना कार ने पांच लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें ...और पढ़ें
-1793883550929_m.webp)
तेज रफ्तार कार ने 5 लोगों को रौंदा। सीसीटीवी से ली गई फोटो
HighLights
तेज रफ्तार वरना कार ने पांच लोगों को रौंदा, एक की मौत।
सब्जी विक्रेता जगतार सिंह गोशा की मौके पर ही मृत्यु।
पुलिस ने बेकाबू कार चालक को हिरासत में लिया, जांच जारी।
संवाद सहयोगी, लुधियाना। ईस्सा नगरी पुली इलाके में बुधवार सुबह तेज रफ्तार वरना कार का कहर देखने को मिला। बेकाबू कार ने सड़क पर जा रहे और किनारे खड़े करीब पांच लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार सब्जी विक्रेता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।
कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि सब्जी विक्रेता को स्कूटी समेत करीब 50 मीटर तक घसीटने के बाद कार ने उन्हें कुचल दिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहे चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
मृतक की पहचान बूथगढ़ की ससराली कालोनी निवासी जगतार सिंह गोशा के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, जगतार पिछले करीब 20 वर्षों से ईस्सा नगरी पुली इलाके में साग-सब्जी बेचकर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। बुधवार सुबह करीब सवा आठ बजे वह स्कूटी से जा रहे थे।
इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार उन्हें स्कूटी समेत घसीटती हुई आगे ले गई और फिर कुचलते हुए निकल गई। गंभीर चोटों के कारण जगतार सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
भीड़ देखकर घबराया चालक, कई वाहनों को मारी टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार चालक गाड़ी चलाना सीख रहा था। लोगों की भीड़ देखकर वह घबरा गया और कार पर नियंत्रण खो बैठा। सब्जी विक्रेता समेत कई लोगों को टक्कर मारने के बाद कार सड़क किनारे खड़ी मां-बेटी की स्कूटी से टकरा गई।
हादसे में पास खड़ी दो अन्य स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके बाद कार रुक गई। हादसे में घायल अशोक कुमार ने बताया कि कार ने पहले सब्जी विक्रेता को टक्कर मारी और फिर उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। वह बेहोश हो गए थे। उनके सिर, उंगली और पीठ पर चोटें आई हैं।
चालक गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ
थाना डिवीजन नंबर तीन के एसएचओ गुरजीत सिंह ने बताया कि कार चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपित फील्ड गंज का रहने वाला है और उसकी उम्र करीब 20 से 22 वर्ष है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जांच के बाद हादसे के वास्तविक कारणों का पता चलेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।