बुड्ढा दरिया में पानी कम, जेसीबी से सॉलिड वेस्ट निकलवा रहा नगर निगम
नगर निगम के ओएंडएम ब्रांच के सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर राजिंदर सिंह ने बताया कि बुड्ढा दरिया की सफाई मानसून सीजन से पहले कर दी जाएगी।
लुधियाना, जेएनएन। मानसून सीजन से पहले नगर निगम हर साल बुड्ढा दरिया की सफाई करता है। निगम सफाई का काम अप्रैल के दूसरे सप्ताह से शुरू कर देता है, लेकिन इस बार कोरोना ने बुड्ढा दरिया की सफाई प्रभावित कर दी। इसलिए इसे अब जाकर शुरू किया गया है। इस बार पोकलेन मशीनों की बजाय जेसीबी से सफाई शुरू की गई है। इसके लिए करीब आधा दर्जन जेसीबी व एक दर्जन टिप्परों को लगाया गया है।
दरअसल कोरोना संक्रमण के कारण शहर में सभी फैक्ट्रियां बंद हैं और बुड्ढा दरिया में पानी बहुत कम है। इसकी वजह से जेसीबी के जरिए सॉलिड वेस्ट निकालने में निगम को आसानी हो रही है। बुड्ढा दरिया का 14 किलोमीटर एरिया नगर निगम की हद में आता है।
नगर निगम के ओएंडएम ब्रांच के सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर राजिंदर सिंह ने बताया कि बुड्ढा दरिया की सफाई मानसून सीजन से पहले कर दी जाएगी। दरिया से निकाले सॉलिड वेस्ट को ताजपुर रोड स्थित कूड़ा डंप पर भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि पहले फेज में उन पुलियों से कूड़ा साफ किया जा रहा है जहां पर कम कूड़ा जमा है। उन्होंने बताया कि गांधीनगर, माधोपुरी, बिंद्रा कॉलोनी, शिवपुरी रोड व कुछ अन्य पुलियों से कूड़ा हटा दिया है। निगम अफसरों की मानें तो 15 से 20 दिनों में करीब एक दर्जन पुलियों के पास जमा सॉलिड वेस्ट को निकाल दिया जाएगा।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें