विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लुधियाना में निकाह के कुछ देर बाद दूल्हे के भाई ने दुल्हन के घर पर की 12 राउंड फायरिंग, इलाके में दहशत

Published: Mon, 02 Nov 2026 06:07 AM (IST)

लुधियाना में निकाह के कुछ घंटे बाद दूल्हे के भाई ने अपने साथियों के साथ दुल्हन के घर पर हमला कर दिया। इस दौरान पथराव, तोड़फोड़ और फायरिंग हुई।

निकाह के बाद दूल्हे के भाई ने दुल्हन के घर पर की 12 राउंड फायरिंग। फोटो जागरण

निकाह के बाद दूल्हे के भाई ने दुल्हन के घर पर की 12 राउंड फायरिंग। फोटो जागरण

HighLights

  1. निकाह के बाद दूल्हे के भाई ने दुल्हन के घर हमला किया।

  2. घर पर पथराव, तोड़फोड़ और फायरिंग से दहशत फैली।

  3. दुल्हन के पिता घायल, पुलिस ने मामला दर्ज किया।

जागरण संवाददाता, लुधियाना। ताजपुर रोड स्थित न्यू सरपंच कालोनी में निकाह के कुछ घंटे बाद दूल्हे के भाई ने साथियों के साथ दुल्हन के घर पर हमला कर दिया। आरोप है कि दूल्हे का छोटा भाई समीर 20 से 25 युवकों को लेकर रात करीब 11:30 बजे वहां पहुंचा।

हमलावरों ने पथराव और तोड़फोड़ की तथा फायरिंग की। घर के बाहर खड़ी दो एक्टिवा भी क्षतिग्रस्त कर दी गईं। दुल्हन के पिता मोहम्मद अनवर को चोटें आईं, लेकिन गोली लगने से कोई घायल नहीं हुआ। वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

मोहम्मद अनवर ने थाना मेहरबान पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार सुबह उनकी बेटी का निकाह हुआ था। दोपहर में घर के बाहर डीजे लगा था और बाराती नाच रहे थे। इसी दौरान दूल्हे के भाई समीर और दुल्हन के मामा के बीच किसी बात पर कहासुनी हो गई।

विवाद बढ़ने पर अनवर और रिश्तेदारों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। निकाह की बाकी रस्में पूरी हुईं और शाम करीब छह बजे दुल्हन की विदाई भी शांतिपूर्वक हो गई। अनवर ने हमलावरों पर 30 से 35 राउंड फायरिंग करने का आरोप लगाया है। उन्हें रोकने की कोशिश करने पर उनके साथ मारपीट की गई, जिससे मामूली चोटें आईं। हमलावरों के जाने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मौके से मिले .30 बोर के 12 खोल

सूचना मिलने पर थाना मेहरबान के इंस्पेक्टर जगदीप सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। जांच के दौरान पुलिस ने 12 खाली कारतूस बरामद किए। एसएचओ के मुताबिक, मौके से मिले खोल .30 बोर के हथियार के हैं। पुलिस यह पता लगा रही है कि फायरिंग में इस्तेमाल हथियार लाइसेंसी था या अवैध।

मोहम्मद अनवर की शिकायत पर समीर, उसके दोस्त लोट्टा और अज्ञात साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य हमलावरों की पहचान की जा रही है। पीड़ित परिवार ने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और विदा होकर ससुराल पहुंची बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।