विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लुधियाना के माछीवाड़ा में नशे की ओवरडोज से तीन दिन में दूसरे युवक की मौत, आरोपी गिरफ्तार

Published: Mon, 23 Nov 2026 08:15 PM (IST)

माछीवाड़ा में तीन दिनों के भीतर नशे की ओवरडोज से दूसरे युवक भूपिंदर सिंह की मौत हो गई है, जिससे इलाके में गहरा रोष है।

माछीवाड़ा में नशे का कहर जारी, तीन दिन में दूसरी मौत।

माछीवाड़ा में नशे का कहर जारी, तीन दिन में दूसरी मौत।

HighLights

  1. माछीवाड़ा में तीन दिन में दूसरी ओवरडोज मौत।

  2. युवक भूपिंदर सिंह की नशे से हुई दुखद मृत्यु।

  3. नशा सप्लायर कुलविंदर सिंह पुलिस ने किया गिरफ्तार।

संवाद सूत्र, श्री माछीवाड़ा साहिब। माछीवाड़ा इलाके में नशा तस्करी का जाल युवाओं की जान ले रहा है। क्षेत्र में तीन दिनों के भीतर नशे की ओवरडोज से दूसरे युवक की मौत होने से लोगों में गहरा रोष और चिंता का माहौल है।

दो दिन पहले ही इंदिरा कॉलोनी निवासी व दुबई से लौटे गगनदीप सिंह की नशे की ओवरडोज से मौत हुई थी, जिस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अभी यह मामला शांत भी नहीं हुआ था कि बीती रात एक और युवक नशे की भेंट चढ़ गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, माछीवाड़ा-नूरपुर रोड पर एक कच्चे रास्ते में राहगीरों ने एक युवक को बेहोशी की हालत में पड़ा देखा, जिसके पास नशे का इंजेक्शन भी पड़ा था। सूचना मिलते ही सहायक थानेदार प्रमोद सिंह पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी भूपिंदर सिंह के रूप में हुई। मौके पर पहुंचे परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी चरनजीत सिंह भी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयानों के आधार पर उसे नशा सप्लाई करने के आरोप में स्थानीय निवासी कुलविंदर सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पिता से 500 रुपये लेकर गया था बेटा, खरीद लाया 'मौत का सामान'

मृतक भूपिंदर सिंह के पिता अमरदीप सिंह ने रुंधे गले से बताया कि उनका बेटा एक फैक्टरी में काम करता था। बीते दिन उसकी नाइट शिफ्ट रद्द होकर दिन में कर दी गई थी। शाम करीब छह बजे वह कुछ खाने-पीने की बात कहकर उनसे 500 रुपये लेकर बाजार गया था।

पिता ने कहा कि उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि बेटा इन पैसों से 'मौत का सामान' खरीद लाएगा। अमरदीप सिंह ने मांग की है कि उनके बेटे को नशा देने वाले आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर सख्त से सख्त सजा दी जाए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।