24 घंटे में सफाई कर्मचारी यूनियन का तीसरा प्रधान, अब पहले गुट ने गरीब दास को सौंपी कमान
नाटकीय घटनाक्रम के बीच बुधवार को चुने गए प्रधान राकेश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। अब पहले गुट ने राकेश कुमार की जगह गरीब दास को नया प्रधान बना दिया है। इस तरह सफाई कर्मचारी यूनियन ने 24 घंटे के अंतराल में तीन प्रधान बना दिए।
खन्ना, (लुधियाना) [सचिन आनंद]। नगर कौंसिल की सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान पद को लेकर बुधवार को शुरू हुआ विवाद वीरवार को और बढ़ गया। बुधवार को राकेश कुमार बालू को प्रधान बनाए जाने से खफा दूसरे गुट ने प्रेम भंडारी पार्क में संजीव कुमार को अपना प्रधान प्रधान चुन लिया।
इस बीच नाटकीय घटनाक्रम के बीच बुधवार को चुने गए प्रधान राकेश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। अब पहले गुट ने राकेश कुमार की जगह गरीब दास को नया प्रधान बना दिया है। इस तरह सफाई कर्मचारी यूनियन ने 24 घंटे के अंतराल में तीन प्रधान बना दिए। दोनों गुटों के बीच का विवाद और बढ़ने की आशंका पैदा हो गई है।
वीरवार को हुए चुनाव में संजीव कुमार को यूनियन का प्रधान चुना गया। अजय और विक्की बालू को उप प्रधान, तरुण बालू और राजीव कुमार को चेयरमैन बना गया है। नीलम रानी महिला मुलाजिमों की प्रधान और रानी उप प्रधान बनी। कच्चे मुलाजिमों का प्रधान कृष्ण कुमार को चुना गया है।
दूसरी तरफ गरीब दास को अपनी टीम बनाने के अधिकार दे दिए गए हैं। भगवान श्री वाल्मीकि मंदिर प्रबंधक कमेटी के प्रधान बलराम बालू ने कहा कि खन्ना नगर कौंसिल की म्युनिसिपल इम्प्लाइज यूनियन का भी उनके गुट को समर्थन हासिल है। इम्प्लाइज यूनियन के प्रधान अनिल कुमार गट्टू ने कहा वे मुलाजिमों के हक में हैं। जो भी प्रधान कुर्सी पर बैठेगा वे उसका साथ देंगे। वे गुटबाजी में विश्वास नहीं रखते।
दूसरा गुट भी मौके पर पहुंचा
वीरवार को हुए चुनाव के ठीक बाद दूसरा गट भी मौके पर पहुंच गया था। राकेश कुमार ने खराब सेहत के चलते पद छोड़ने की घोषणा की। उनके साथ आए भगवान वाल्मीकि मंदिर प्रबंधक कमेटी के प्रधान बलराम बालू और गरीब दास ने कहा कि वीरवार को हुआ संजीव कुमार का चुनाव सही नहीं है।
पूर्व कौंसिल प्रधान मेहता ने संजीव कुमार को दी बधाई
चुनाव के बाद मौके पर पहुंचे खन्ना नगर कौंसिल के पूर्व प्रधान विकास मेहता ने संजीव कुमार और उनकी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि संजीव काबिल हैं और वे मुलाजिमों की आवाज को मजबूती से उठाएंगे। उनके साथ जिला यूथ कांग्रेस प्रधान अमित तिवारी भी थे।