शिअद वर्कर का आरोप, कांग्रेसियों ने किया हमला, पुलिस के पास केस दर्ज
भामियां कलां इलाके में शिरोमणि अकाली दल के वर्कर की तरफ से सरकारी राशन बांटने को लेकर पोस्ट करने के बाद कुछ कांग्रेसियों ने इकट्ठा होकर उसके घर पर हमला कर दिया।
लुधियाना, जेएनएन। भामियां कलां इलाके में शिरोमणि अकाली दल के वर्कर की तरफ से सरकारी राशन बांटने को लेकर फेसबुक पर पोस्ट करने के बाद कुछ कांग्रेसियों ने इकट्ठा होकर उसके घर पर हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले घर पर ईट-पत्थर मारे। फिर शिअद वर्कर व उसकी पत्नी के साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और इसकी शिकायत पुलिस से कर दी। इस पर थाना जमालपुर पुलिस मौके पर पहुंची।
इस बारे में पुलिस ने मुडिया कलां की रहने वाली प्रीति की शिकायत पर आरोपित महिंदरपाल सिंह, सुखदेवपाल सिंह, दीपक कुमार, वीरवली, सन्नी कपूर, साहिल सलुजा, दर्शन सिंह और अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है। शिकायतकर्ता प्रीति के मुताबिक कोरोना के कारण कर्फ्यू लगने के बाद से उसके पति अमन जोकि शिअद वर्कर हैं, अपने पैसों से जरूरतमंदों को राशन बांट रहे थे। सरकारी राशन आने के बाद उन्होंने राशन बांटना कम कर दिया। इस दौरान उन्होंने देखा कि राशन जरूरतमंदों को नहीं दिया जा रहा था।
इसके बाद उन्होंने फेसबुक व अन्य सोशल मीडिया पर इस बारे में पोस्ट किया कि कुछ कांग्रेसी सरकारी राशन जरूरतमंदों को नहीं दे रहे है। इसके बाद उक्त सभी आरोपितों ने इकट्ठा होकर उनके घर पर हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले घर पर ईट-पत्थर मारे। इसके बाद प्रीति समेत उसके पति अमन के साथ मारपीट की। हमलावरों ने प्रीति के कपड़े तक फाड़ दिए। हमला करने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश करनी शुरू कर दी है।