कोविड-19 फाइटर्स के कार्य स्थलों को सैनिटाइज कर रहा संघ
कोविड-19 जंग में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) भी भूमिका निभा रहा है।
जासं, लुधियाना : कोविड-19 जंग में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) भी भूमिका निभा रहा है। स्वयंसेवक लगातार शहर के अलग-अलग हिस्सों को सैनिटाइज करने में जुटे हैं। यही नहीं, संघ की तरफ से लोगों को मास्क बांटने के साथ-साथ जागरूक भी किया जा रहा है। संघ के कार्यकर्ता अब कोविड-19 की जंग लड़ रहे फाइटर्स के कार्य स्थलों को सैनिटाइज कर रहे हैं। इसके तहत अस्पताल, पुलिस स्टेशन, नाकों, पेट्रोलिग वाहनों, रेलवे स्टेशन व निगम दफ्तरों को भी सैनिटाइज किया जा रहा है। वहीं संघ की तरफ से कोरोना वॉरियर्स के तौर पर काम कर रहे पत्रकारों के कार्य स्थलों को भी सैनिटाइज किया। सोमवार को सुखदेव शाखा के स्वयंसेवकों ने दैनिक जागरण समेत शहर के कई मीडिया दफ्तरों को सैनिटाइज किया।
सुखदेव शाखा जिला सह कार्यवाह नितिन गुप्ता ने बताया कि विभाग प्रचारक जतिदर कुमार, विभाग कार्यवाह दलवीर नंदा व जिला कार्यवाह राकेश के निर्देश से शहीद सुखदेव जिला (पुराना शहर) में स्वयंसेवक कई कॉलोनियों को सैनिटाइज कर चुके हैं। इसके साथ लोगों को मास्क भी बांट चुके हैं। अब तक थाना सलेम टाबरी, बस्ती जोधेवाल, डिवीजन सात, डिवीजन तीन, कोतवाली, चौड़ा बाजार, लाडोवाल थाना, आरपीएफ कार्यालय, श्री राम चेरिटेबल अस्पताल व समाचार पत्रों के कार्यालयों को सैनिटाइज किया जा चुका है।
विभाग प्रचारक जतिंद्र कुमार का कहना है कि जनता की सेवा के साथ साथ कोविड-19 जंग में डटे फाइटर्स की सुरक्षा भी अति आवश्यक है। संघ कार्यकर्ता अपने अपने क्षेत्रों में सफाई कर्मी जो विशेष रूप से कोविड फाइटर्स की भूमिका निभा रहे हैं, को सम्मानित करेंगे। उन्होंने लोगों को नियमों का पालन करने की अपील की।