जगराओं पुल को फाइनल टच देने में जुटा रेलवे व निगम, 15 सितंबर तक निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद
रेलवे ने पुल से सड़क को जोड़ने के लिए अप्रोच स्लैब डाल दिया है। वहीं निगम ने भी दुर्गामाता मंदिर की तरफ डिवाडर वॉल तैयार कर ली और अब सड़क न निर्माण के लिए मिट्टी बिछा दी।
लुधियाना, जेएनएन। जगराओं पुल का निर्माण कार्य अब अपने अंतिम चरण में है। नगर निगम और रेलवे अब निर्माण कार्य को फाइनल टच देने में जुटे हैं। रेलवे को अब सिर्फ पुल के ऊपर प्रीमिक्स डालना है। इसके लिए रेलवे अब शहर में लुक प्लांट खुलने का इंतजार कर रहा है। रेलवे ने पुल से सड़क को जोड़ने के लिए अप्रोच स्लैब डाल दिया है। उधर नगर निगम ने दुर्गामाता मंदिर की तरफ डिवाडर वॉल तैयार कर ली और अब सड़क न निर्माण के लिए मिट्टी बिछा दी। निगम ने इसी रफ्तार से काम किया तो 15 सितंबर तक जगराओं पुल का निर्माण कार्य पूरा हो सकता है।
रेलवे ने तीन सितंबर को दुर्गा माता मंदिर की तरफ पुल को सड़क पर मिलाने के लिए अप्रोच स्लैब डाल दिया था। उसके बाद रेलवे ने पुल पर बचा बाकी का सारा काम पूरा कर दिया। अब रेलवे को सिर्फ अपने हिस्से पर प्रीमिक्स बिछाना है। बरसात के कारण शहर में लुक प्लांट बंद हैं। रेलवे अधिकारियों की मानें तो दस सितंबर से लुक प्लांट खुल जाएंगे और उसके बाद कभी की वह अपने हिस्से पर प्रीमिक्स बिछाकर निर्माण कार्य फाइनल कर लेंगे।
रेलवे अधिकारियों का दावा है कि 15 सितंबर तक वह अपना काम पूरा कर पुल निगम के हवाले कर लेंगे। वहीं नगर निगम ने गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब की तरफ अप्रोच रोड पर मिट्टी व पत्थर बिछाकर प्रीमिक्स डालने के लिए बेस तैयार कर लिया। अब निगम दुर्गामाता मंदिर की तरफ प्रीमिक्स के लिए बेस तैयार कर रहा है। बेस तैयार होते ही निगम भी पुल के दोनों तरफ प्रीमिक्स डाल देगा। अगर सब कुछ ठीक रहा तो निगम भी 15 सितंबर तक प्रीमिक्स डालकर अप्रोच रोड तैयार कर लेगा।
हमने अपने हिस्से का बाकी काम पूरा कर लिया है। तीन सितंबर को स्लैब डाल दिया था और अब सिर्फ प्रीमिक्स बिछाने का काम रहता है। दस तारीख को जैसे ही प्लांट खुलेंगे उसके बाद प्रीमिक्स बिछाकर काम पूर कर लिया जाएगा।
गुरदीप सिंह, इंजीनियर रेलवे।
जगराओं पुल पर तेजी से काम चल रहा है। जल्दी ही प्रीमिक्स के लिए बेस तैयार हो जाएगा। प्रीमिक्स प्लांट खुलते ही कांट्रेक्टर प्रीमिक्स डालकर अप्रोच रोड तैयार करके पुल से मिला देगा। उम्मीद है कि 15 सितंबर तक काम पूरा हो जाएगा।
बलकार सिंह संधू, मेयर, लुधियाना।