Move to Jagran APP

बारिश से पंजाब की आबोहवा हुई साफ, सभी शहरों के एक्यूआइ में रिकार्ड सुधार

पंजाब में बारिश ने आबोहवा को साफ कर दिया है। दीपावली के मौके पर राज्‍य में वायु प्रदूषण काफी बढ़ गया था और लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया था। लेकिन रविवार और सोमवार को हुई बारिश ने हवा को साफ कर दिया और एक्‍यूआइ में रिकार्ड सुधार हुआ।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Published: Tue, 17 Nov 2020 08:32 AM (IST)Updated: Tue, 17 Nov 2020 11:39 AM (IST)
पंजाब में बारिश से आबोहवा साफ हो गई है।

चंडीगढ़, लुधियाना, जेएनएन। दीपावली के बाद रविवार रात और सोमवार को हुई बारिश ने प्रदूषण की काली परत को धो दिया है। इससे राज्य के प्रमुख शहरों में प्रदूषण का स्तर संतोषजनक श्रेणी में पहुंच गया है। सबसे अधिक 297 अंकों का सुधार लुधियाना के एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) लेवल में हुआ है। यहां पहले प्रदूषण का स्तर 342 था, जबकि बारिश के बाद सोमवार रात दस बजे यह 45 दर्ज किया गया।

loksabha election banner

जालंधर में एक घंटे के लिए लाकडाउन के समय से भी नीचे 29 तक पहुंचा

जालंधर में तो लाकडाउन का रिकार्ड भी टूट गया। साेमवार को एक घंटे के लिए शाम चार से पांच बजे के बीच यहां का एक्यूआइ लेवल 29 तक पहुंच गया, जो रात नौ बजे 38 और दस बजे तक 83 के स्तर तक दर्ज किया गया। गौरतलब है कि 3 अप्रैल को लाकडाउन के दौरान शहर का एक्यूआइ लेवल 38 था। तब यहां से धौलाधार की पहाडिय़ां भी साफ नजर आने लगी थीं।

राज्य में सबसे साफ हवा खन्ना की रही। यहां का एक्यूआइ लेवल 43 रहा, जो अच्छी श्रेणी में दर्ज किया गया। इस साल मंडी गोबिंदगढ़ का एक्यूआइ भी बेहतर रहा है। वर्ष 2019 में दीपावली के बाद मंडी गोङ्क्षबदगढ़ का एक्यूआइ 311 दर्ज किया गया था, जो कि इस साल 262 रहा। हालांकि, पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष दीवाली पर पटाखों से अधिक प्रदूषण हुआ है। पिछले वर्ष दीवाली के बाद राज्य का औसत एक्यूआइ 293 था, जबकि इस बार 328 तक पहुंच गया था।

एक्यूआइ का स्तर (सोमवार रात दस बजे तक)

      शहर-          15 नवंबर-          16 नवंबर       सुधार

लुधियाना-             342-                45-           297

बठिंडा-                  354-                62-          292

अमृतसर-               373-                86-          287

जालंधर-                318-                83-           231

पटियाला-               265-               66-           199

(केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार)

जमकर बरसे बादल, दिन का पारा आठ से दस डिग्री तक लुढ़का

राज्य में तेज हवाओं के बीच हुई सर्दी की पहली बारिश ने मौसम का मिजाज एकाएक बदल दिया है। इस दौरान 13 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं भी चलीं। कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से आठ से दस डिग्री सेल्सियस कम रिकार्ड किया गया, जबकि रात का तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

शहर-             बारिश-            तापमान-        सामान्य से कम (तापमान डिग्री सेल्सियस में )

कपूरथला-       24 एमएम-      18.8 -                10

पटियाला-       11.6 एमएम-     22.7-                 6

लुधियाना-       10.8 एमएम-     21.7-                 6

जालंधर-          7.1 एमएम-       20-                   8

(इंडिया मेट्रोलाजिकल डिपार्टमेंट चंडीगढ़ के अनुसार)

फसल के लिए वरदान

पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी (पीएयू), लुधियाना के मौसम विभाग की प्रमुख डा. प्रभजोत कौर ने बताया कि बारिश सूबे के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इस बारिश नेे प्रदूषण से राहत दिलाई। साथ ही, किसानों को भी फायदा पहुंचाया। बारिश से गेहूं, सरसों के साथ-साथ सब्जियों को फायदा होगा। मंगलवार से मौसम साफ हो जाएगा, जिसके बाद लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ सकता है।

बारिश से लगे बिजली कट, पावर कट का दावा- फाल्ट से दिक्कत

बारिश के कारण जालंधर और लुधियाना में लोगों को आठ से 14 घंटे तक के पावर कट झेलने पड़े। हालांकि, पावरकाम का कहना है कि यह कट बिजली की कमी के कारण नहीं, बल्कि फाल्ट के कारण हैं। पावरकाम के सेंट्रल कंट्रोल रूम के मुताबिक राज्य में सोमवार को बिजली की मांग करीब 3560 मेगावाट रही। एक दिन पहले यह मांग करीब 4800 मेगावाट थी। पिछले साल इन्हीं दिनों में बिजली की मांग करीब 5144 मेगावाट रिकार्ड की गई थी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.