यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 08, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पंजाब के नए 23वें जिले मालेरकोटला को मिली कई सौगात, जानें कहां-कहां होंगे 548 करोड़ रुपये खर्च
पंजाब में अब विधिवत 23 जिले हो गए हैं। राज्य के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने गत दिवस मालेरकोटला जिले ...और पढ़ें

जेएनएन, चंडीगढ़/मालेरकोटला। पंजाब में अब 22 नहीं, 23 जिले होंगे। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मालेरकोटला जिले का औपचारिक उद्घाटन कर दिया है। वर्चुअल कार्यक्रम में उन्होंने 548 करोड़ रुपये के प्रोजेक्टों के नींवपत्थर भी रखे। इस अवसर जिले में 100 अलग-अलग स्थानों पर एलईडी स्क्रीनों के माध्यम से कई विधायक और जिले के लोग वर्चुअल कार्यक्रम में जुड़े।
कैप्टन अमरिंदर ने कहा कि बेहद समृद्ध विरासत वाले मालेरकोटला को बहुत समय पहले ही जिला बना दिया जाना चाहिए था। अपने बीते कार्यकाल के दौरान 2005 में उन्होंने मालेरकोटला को जिला बनाने का वादा किया था, लेकिन किसी कारण वह पूरा नहीं हो सका। बाद में अकाली-भाजपा गठजोड़ सरकार ने अपने एक दशक के कार्यकाल में लोगों की इस मांग को अनदेखा किया, पर अब उन्होंने यह वादा पूरा कर दिया है।
कैप्टन ने कहा कि नए जिले में मालेरकोटला, अहमदगढ़ और अमरगढ़ सब-डिवीजनों को शामिल किया जाएगा। सभी जिला स्तर पर अस्थाई दफ्तर स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा 12 विभागों के दफ्तर के दफ्तर जल्द काम करना शुरू कर देंगे। जिला प्रशासनिक व सब-डिवीजन परिसरों का निर्माण युद्ध स्तर पर किया जाएगा। इसके लिए 20 करोड़ रुपये अलाट किए गए हैं।
[Live] from the inauguration ceremony of Malerkotla as our newest and 23rd district of the state. https://t.co/MebJgpuDlY" rel="nofollow
— Capt.Amarinder Singh (@capt_amarinder) June 7, 2021
मालेरकोटला के जिला बनने पर क्षेत्र का समग्र विकास होगा और प्रशासन की ओर से लोगों को उनके घर तक सेवाएं मुहैया करवाई जाएंगी।वर्चुअल कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री रजिया सुल्ताना ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने लोगों से किया हुआ हर वादा पूरा किया है। मालेरकोटला जिला बनने से यहां तरक्की की रफ्तार बढ़ जाएगी और युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
उन्होंने डिप्टी कमिश्नर अमृत कौर गिल व एसएसपी कंवरदीप कौर को साथ लेकर नए प्रोजेक्ट वाले स्थानों का जायजा भी लिया। इस मौके पर पूर्व डीजीपी मोहम्मद मुस्तफा, पंजाब वक्फ बोर्ड के सदस्य जैनब अख्तर व शेख सज्जाद हुसैन, डिप्टी कमिश्नर संगरूर रामवीर, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर अनमोल सिंह धालीवाल, एसडीएम मालेरकोटला टी बैनिथ, एसडीएम लतीफ अहमद, नगर कौंसिल प्रधान नसरीन अशरफ अब्दुला, प्रोफेसर जैजमाल, कैबिनेट मंत्री के निजी सहायक दरबारा सिंह, तहसीलदार बादलदीन सहित कई प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
अबोहर व बटाला को जिला बनाने की संभावनाएं तलाशे सरकार: जाखड़
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान सुनील जाखड़ ने कहा कि ऐतिहासिक शहर मालेरकोटला को जिला बनाए जाने से इस क्षेत्र का सर्वपक्षीय विकास होगा। उन्होंने सरकार से स्थानीय लोगों की मांग के अनुसार अबोहर और बटाला को भी जिला बनाने के लिए संभावनाएं तलाशने की अपील की।
मालेरकोटला को यह मिली सौगात
- 500 करोड़ की लागत से तैयार होगा नवाब शेर मोहम्मद खान सरकारी मेडिकल कालेज
- जिला प्रशासनिक परिसर व सब-डिविजनल परिसर के निर्माण पर खर्च होंगे 20 करोड़ रुपये
- 12 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा सरकारी महिला कालेज
- 10 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा नया बस स्टैंड
- शहरी वातावरण सुधार प्रोग्राम के तहत छह करोड़ रुपये की लागत से अन्य विकास कार्यो की शुरुआत
- महिला पुलिस थाना
