यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 09, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पंजाब के दो बड़े गैंगस्टर जयपाल भुल्लर व जसप्रीत का कोलकाता में एनकाउंटर, लुधियाना में दो ASI की हत्या कर भागे थे दोनों
पंजाब के नामी गैंगस्टर जयपाल भुल्लर और जसप्रीत जस्सी को पंजाब पुलिस ने कोलकाता में एनकाउंटर में ढेर कर दिया ...और पढ़ें

कोलकाता/लुधियाना, जेएनएन। पंजाब में बीते दिनों जगराओं (लुधियाना) में दो एएसआई के कत्ल के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपित और इनामी गैंगस्टर जयपाल भुल्लर और जसप्रीत जस्सी बुधवार को कोलकाता के राजारहाट-न्यूटाउन में एनकाउंटर में ढेर हो गए। एक बहुमंजिली इमारत के फ्लैट में दोनों रह रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार गैंगस्टर जयपाल भुल्लर और जसप्रीत जस्सी को पुलिस ने मार गिराया है। इसमें पंजाब पुलिस और कोलकाता की लोकल एसटीएफ शामिल थी। हालांकि अपराधियों की तरफ से की गई ताबड़तोड़ फायरिंग में कोलकाता पुलिस के एक अधिकारी घायल हुए हैं।
बता दें कि जयपाल भुल्लर 'ए' कैटगरी का गैंगस्टर था और पंजाब पुलिस पिछले लंबे समय से उसकी तालाश कर रही थी। गैंगस्टर जयपाल भुल्लर और जस्सी पर हथियारों की तस्करी, नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त समेत कई अन्य गंभीर आरोप भी चल रहे थे। पंजाब पुलिस ने जयपाल पर इनाम भी रखा गया था। इतना ही नहीं इस गैंगस्टर का नाम फाजिल्का के कत्ल कांड में भी सामने आया था।
जयपाल ने जगराओं में की थी दो एएसआइ की हत्या
15 मई को पंजाब के लुधियाना स्थित जगराओं की नई दानामंडी में गैंगस्टरों ने पंजाब पुलिस की टीम पर बड़ा हमला किया था। उन्होंने फायरिंग करके दो असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टरों (एएसआइ) भगवान सिंह और दलविंदरजीत सिंह की हत्या कर दी थी। एक पुलिस कर्मी राजविंदर सिंह की जान बच गई थी। इस मामले में पुलिस ने जयपाल को मुख्य अभियुक्त बनाया था। उसी के बाद से पंजाब पुलिस जयपाल की तलाश में थी।
गैंगस्टर विक्की गौंडर की मौत के बाद संभाली थी गैंग की कमान
गैंगस्टर जयपाल के पिता पुलिस में इंस्पेक्टर थे लेकिन बेटा जुर्म की दलदल में फंस गया। उसके खिलाफ देश भर में करीब 50 आपराधिक मामले दर्ज थे। वह मूल रूप से दशमेश नगर, फिरोजपुर का रहने वाला था। पंजाब के बड़े गैंगस्टर विक्की गौंडर और प्रेमा लाहौरिया के एनकाउंटर के बाद उसने गैंग की कमान संभाली थी। जयपाल गैंगस्टर विक्की गौंडर का साथी रहा है और गैंगस्टर सुक्खा काहलवां हत्याकांड में शामिल था।
