विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 21, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष वड़िंग की नसीहत, कांग्रेस के नेता पहले सेवा करते थे अब कारोबार, नहीं चलेगा यह कल्चर

By Edited By:
Published: Mon, 21 Nov 2022 11:02 PM (IST)

लुधियाना में आगामी नगर निगम चुनाव की तैयारियों को लेकर पहुंचे पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग ने वर्कर्स को जमकर ...और पढ़ें

लुधियाना से जालंधर बायपास पर पार्टी वर्कर्स को संबोधित करते हुए पंजाब प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग।
लुधियाना से जालंधर बायपास पर पार्टी वर्कर्स को संबोधित करते हुए पंजाब प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग।

जागरण संवाददाता, लुधियाना। आने वाले कुछ महीनों में लुधियाना नगर निगम का चुनाव होने वाला है। कांग्रेस ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। पंजाब प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग इसी सिलसिले में सोमवार को लुधियाना पहुंचे। शहर के पूर्व विधायकों के हलकों में कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें की और उन्हें नसीहत भी दी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि समय बदल गया है। नेता लोगों से संपर्क कर उन्हें बताएं कि वे किस तरह की कांग्रेस बनाना चाहते हैं।

कांग्रेस के पुराने नेता मोहल्लों में जाते थे। लोगों और पार्षदों से मिलते थे। कुछ वर्ष से यह संस्कृति बदल गई। कांग्रेस के नेता पहले सेवा करते थे, लेकिन अब कारोबार करने आते हैं। कांग्रेस में यह कल्चर नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में कांग्रेस नेताओं की आम लोगों तक पहुंच होनी चाहिए। हर व्यक्ति अपने नेता के कंधे में हाथ रख फोटो खिंचवा सके। इस दौरान वड़िंग के साथ जिला प्रधान संजय तलवाड़, पूर्व प्रधान अश्वनी शर्मा, पूर्व राज्य मंत्री राकेश पांडे और पूर्व विधायक सुरिंदर डावर भी मौजूद रहे।

स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं का बढ़ाया जोश

राजा वड़िंग ने स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं का जोश भी बढ़ाया। उन्होंने कहा कि विधायक निगम चुनाव के लिए अपने वार्डों के उम्मीदवारों का चयन करेंगे। निगम चुनाव की तैयारियों के पहले चरण में खुद वार्ड स्तर पर कम से कम 40 से 45 बैठकें करेंगे। ब्लाक स्तर के नेता का भी वही सम्मान होगा, जो प्रदेश स्तर के नेता का होता है। कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने इलाके के नेता के साथ मिलकर काम करें। सभी नगर निगमों पर कांग्रेस का ही दबदबा रहेगा।

आप के आठ माह के राज में पछता रहे लोग :

वड़िंग ने आप सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि वह पहले दावा करते थे कि हर व्यक्ति को बोलने की आजादी होगी। सभी सुविधाएं मिलेंगी। हालात उल्टे हो गए हैं। आठ माह में लोग पछता रहे हैं। लोगों को ऐसी सरकार की उम्मीद नहीं थी। हालात बदतर हो गए हैं।