पंजाब चुनाव 2022: टिकटों के आवंटन से पहले ही बगावत कम करने में जुटी लुधियाना भाजपा, जानें रणनीति
पुराने कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया जा रहा है कि सरकार बनने पर उनके अच्छे दिन आएंगे वहीं नए नेताओं और वर्करों भाजपा के काम की संस्कृति से अवगत करवाया जा रहा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता पुराने कार्यकर्ताओं को समझा रहे हैं।
लुधियाना, [राजेश भट्ट]। भारतीय जनता पार्टी इस बार पंजाब में सरकार बनाने के लिए पुरजोर कोशिश कर रही है। कई विधानसभा हलकों जहां पार्टी का आधार कमजोर है वहां दूसरी पार्टियों के नेताओं को अपने साथ लाने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। इसके तहत आए दिन दूसरी पार्टियों के कई नेताओं को भाजपा के वरिष्ठ नेता दिल्ली में पार्टी में शामिल करवा रहे हैं। पूरे प्रदेश में भाजपा ने ताबड़तोड़ भर्ती अभियान चला रखा है। उन नेताओं को भी इस आश्वासन के साथ ही पार्टी में शामिल करवाया जा रहा है कि उन्हें विधानसभा चुनाव में टिकट देकर भाजपा चुनावी रण में उतारेगी।
इसके साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को यह भी आशंका है कि दूसरी पार्टियों के नेताओं को भाजपा में शामिल करवाने के बाद जब टिकट दी जाएगी तो कई हलकों में पुराने कार्यकर्ता बगावत कर सकते हैं। ऐसे समय में अगर बगावत होती है तो भाजपा के लिए यह चिंता का सबब बन सकती है। इसलिए टिकट आवंटन से पहले ही भाजपा ने पुराने कार्यकर्ताओं की नाराजगी को दूर करने की कवायद शुरू कर दी है। नए और पुराने कार्यकर्ताओं को साथ बिठाकर बैठकें करवाई जा रही हैं।
पुराने कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया जा रहा है कि सरकार बनने पर उनके अच्छे दिन आएंगे वहीं, नए नेताओं और वर्करों भाजपा के काम की संस्कृति से अवगत करवाया जा रहा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता पुराने कार्यकर्ताओं को समझा रहे हें कि पंजाब में सरकार बनाने के लिए उन नेताआंे को उम्मीदवार बनाया जा रहा है जो जीत दिला सकते हैं। गौरतलब है कि भाजपा पहले 117 में से केवल 23 विधानसभा हलकों में चुनाव लड़ती थी। कई हलकों में भाजपा नेताओं ने अपने नाम के बैनर व पोस्टर भी लगा दिए हैं। भाजपा ने अपने स्तर पर सर्वे करवाया है जिसमें पता लगाया गया कि भाजपा नेता किस सीट पर कमजोर है। उस सीट पर दूसरी पार्टी के बड़े नेताओं को पार्टी में शामिल करवाया जा रहा है।
भारतीय जनता पार्टी की ओर से घोषित उम्मीदवार के लिए करेंगे काम
लुधियाना शहर के कई विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के अपने पांच से छह नेता टिकट की दावेदारी जता रहे हैं। ऐसे में इन हलकों में भाजपा को बगावत या भितरघात का डर अधिक है। जिन हलकों में अधिक दावेदार हैं वहां पर जिला पदाधिकारी बैठक कर उन्हें समझा रहे हैं। लुधियाना पूर्वी (ईस्ट) : लुधियाना पूर्वी हलके से भाजपा के सबसे अधिक छह नेता टिकट की दावेदारी जता रहे हैं। इनमें से एक उम्मीदवार अकाली दल से आया है। वहीं, दक्षिणी (साउथ) हलके में मंडल प्रधान सुरिंदर शर्मा दावेदारी जता रहे हैं लेकिन भाजपा ने हाल में शिअद के यूथ ¨वग के जिला प्रधान गुरदीप गोशा को शामिल करवाया है। संभावना है कि भाजपा गुरदीप गोशा को चुनाव मैदान में उतारने का मन बना रही है।
लुधियाना उत्तर (नार्थ) हलके से भाजपा नेताओं के अलावा कांग्रेस से भाजपा में आए अर¨वद खन्ना की टिकट के दावेदार हैं। कुछ दिन पहले टिब्बा रोड मंडल की बैठक में मंडल के पूर्व प्रधान एवं जिला सचिव नवल जैन ने इशारा भी किया था कि इस हलके में उम्मीदवारों की सूची लंबी है। पार्टी जिसे टिकट देगी कार्यकर्ताओं को उसे जीताना होगा। नवल यहां से खुद भी दावेदार हैं।