लुधियाना जेल में बंद हवालाती की सिविल अस्पताल में मौत, इलाज में कोताही बरतने का आरोप
मृतक की पहचान बठिंडा के रामपुरा के रहने वाले 40 वर्षीया जसबीर सिंह के रूप में हुई है। थाना डिवीजन सात की पुलिस ने शुक्रवार शाम को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद मृतक के परिजनों के हवाले कर दिया है।
लुधियाना, जेएनएन। लुधियाना की सेंट्रल जेल में बंद एक हवालाती की सिविल अस्पताल में शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस चौकी सिविल अस्पताल की पुलिस को देकर शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतक की पहचान बठिंडा के रामपुरा के रहने वाले 40 वर्षीया जसबीर सिंह के रूप में हुई है।
थाना डिवीजन सात की पुलिस ने शुक्रवार शाम को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के हवाले किया। अस्पताल में शव के पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के बड़े भाई रेशम सिंह ने बताया कि मृतक हवालाती जसबीर सिंह को एक फरवरी 2020 को जगराओं की पुलिस ने एनडीपीएस के मामले में पकड़ कर लुधियाना जेल में भेजा था। यहां पिछले कुछ दिनों से जसबीर की हालत खराब चल रही थी। रेशम सिंह ने आरोप लगाया कि जेल प्रशासन को कई बार कहने पर भी उसका इलाज नहीं करवाया गया। इसके चलते शुक्रवार सुबह उसके भाई की लुधियाना के सिविल अस्पताल में मौत हो गई।
मृतक के भाई रेशम सिंह के अनुसार अगर समय रहते उसके छोटे भाई जसबीर सिंह का इलाज करवाया जाता तो उसकी मौत न होती। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि उसके भाई को समय पर इलाज न दिलवाने वाले जेल प्रशासन के अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।