यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 04, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Diwali 2021 Celebration: बठिंडा में फायर ब्रिगेड मुलाजिमों की छुट्टियां रद, पटाखा स्टालों के पास तैनात होंगी गाड़ियां
दीवाली को लेकर पुलिस व प्रशासन की ओर से अपनी सभी तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। बाजारों में ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, बठिंडा। Diwali 2021 Celebration: दीवाली के त्योहार से पहले पुलिस व प्रशासन की ओर से अपनी सभी तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। बाजारों में खरीदारी करने के लिए आने वालों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए पार्किंग से लेकर ट्रैफिक की समस्या को दुरुस्त करने को मुलाजिमों की ड्यूटियां लगा दी गई हैं। वहीं किसी भी प्रकार की कोई अागजनी की घटना को रोकने के लिए फायर ब्रिगेड मुलाजिमों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं। हालांकि स्पोर्ट्स स्टेडियम, सरकारी राजिंदरा कालेज व डीडी मित्तल टावर के सामने खाली ग्राउंड में लगने वाली पटाखों की स्टालों की जगहों पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी तैनात रहेंगी।
बाजारों में किसी भी तरह की हुड़दंगबाजी न हो, इसके लिए पुलिस कर्मचारी मुख्य चौराहों से लेकर संपर्क मार्गों पर तैनात रहेंगे। वहीं अस्पताल में भी अलग से स्टाफ आन काल ड्यूटी पर होगा। इसके अलावा किसी भी तरह की आगजनी होने पर फायर ब्रिगेड भी पूरी तरह से चौकस रहेगा। जबकि जिला प्रशासन की लोगों की अपील है कि वह प्रदूषण रहित दिवाली मनाएं। इसके अलावा दिवाली के दिनों में पटाखों की बिक्री भंडारण से संबंधित हिदायतों के पालन के लिए अधिकारियों को तैनात किया गया है। वहीं दिवाली के त्योहार पर रात 8 बजे से 10 बजे तक पटाखे चलाए जा सकेंगे।
यहां पटाखे चलाने पर रोक
श्री गुरु गोबिंद सिंह रिफाइनरी फुल्लोखारी के नजदीक आते गांव फुल्लोखारी, रामा मंडी, रामा गांव, रामसरा, ज्ञाना, कनकवाल व फूसमंडी में तेल कंपनियों के भंडार हैं, जिस कारण उक्त गांवों के साथ साथ आसपास के एरिया में पटाखे चलाने पर रोक लगाई गई है। इसके साथ ही किसी भी प्रकार के पटाखों को स्टोर करने पर भी रोक लगाई गई है।
यहां होंगी पटाखों की स्टालें
जिले में मल्टीपर्पज खेल स्टेडियम बठिंडा, सरकारी राजिंदरा कालेज बठिंडा, म्यूनिसिपल कार्पोरेशन कार पार्किंग माल रोड बठिंडा, डीडी मित्तल टावर के सामने खाली ग्राउंड, सरकारी सीनियर सेकंडरी स्कूल लड़के गोनियाना मंडी, सरकारी सीनियर सेकंडरी स्कूल लड़के भुच्चो मंडी, एसएसडी सीनियर सेकंडरी स्कूल रामा मंडी, सरकारी सीनियर सेकंडरी स्कूल खेल ग्राउंड भगता भाईका, सरकारी सीनियर सेकंडरी स्कूल मंडी फूल खेल ग्राउंड सूएवाला व एसएसडी सरकारी हाई स्कूल मौड़ में पटाखे बेचे जा सकते हैं।
शिफ्ट में ड्यूटी पर होंगे
फायर ब्रिगेड विभाग के कर्मचारी शिफ्ट के दौरान ड्यूटी पर होंगे, लेकिन कोई स्टेशन नहीं छोड़ेगा। विभाग के पास 7 बड़ी 7 छोटी गाडि़यां है। जोकि तंग गलियों में आगजनी की घटनाओं पर काबू पाने के लिए मेन प्वाइंट पर खड़ी होंगी। जबकि बडी गाड़ियों में हनुमान चौक, सरकारी राजिंदरा कालेज व मुल्तानिया रोड पर खड़ी की जाएगी। ताकि हादसे के दौरान तुरंत सहायता मुहैया करवाई जा सके।
यहां पर बनाए गए हैं रूट
बाजारों में ट्रैफिक की समस्या न आए इसके लिए शहर में पुलिस की ओर से रूट प्लान बनाया गया है। जिसके तहत फोर व्हीलर वाहनों की बाजारों में एंट्री रोकने के लिए माल रोड के सरकारी स्कूलों में पार्किंग बनाई गई है। जिसके बाद आगे फायर ब्रिगेड चौक में बेरीकेडिंग की गई है, वहीं धोबी बाजार की तरफ जाने वाले रास्ते को पीछे ही बंद कर दिया गया है। ऐसा पुलिस की ओर से इसलिए किया गया है ताकि बाजारों में आने वाले लोग आसानी से घूम सकें और उनको ट्रैफिक की समस्या से न जूझना पड़े। पुलिस की ओर से फैसला किया गया है कि शहर में कहीं भी ट्रैफिक जाम नहीं होने दिया जाएगा। जिसके लिए हर समय मुलाजिम ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। इसके अलावा शहर में हुड़दंग मचाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। वहीं धोबी बाजार के अलावा शहर के अन्य प्रमुख बाजारों में ट्रैफिक पुलिस के मुलाजिम तैनात किए जाएंगे।
