बिना मास्क घर से बाहर घूमने वालों पर पुलिस कर रही कार्रवाई, चार गिरफ्तार
लुधियाना में बिना मास्क घर से बाहर निकलने वाले लोगों पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। बिना मास्क पहने घूम रहे 4 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
लुधियाना, जेएनएन। लुधियाना में बिना मास्क घर से बाहर निकलने वाले लोगों पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। बिना मास्क पहने घूम रहे 4 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके छानबीन की जा रही है।
बस्ती जोधेवाल पुलिस ने काकोवाल रोड पर बिना मास्क लगाए घूम रहे न्यू बसंत विहार निवासी राजेश कुमार तथा काकोवाल कट के पास घूम रहे गगनदीप कॉलोनी निवासी साहिला शर्मा को गिरफ्तार किया। थाना सलेम टाबरी पुलिस ने गांव तलवंडी कलां में बिना मास्क घूम रहे उसी गांव के निवासी कुलदीप को गिरफ्तार किया। थाना डिवीजन नंबर 4 पुलिस ने वेद मंदिर चौक के पास बिना मास्क घूम रहे चंडीगढ़ रोड के बचित्र इंक्लेव निवासी गौरव मल्होत्रा को गिरफ्तार किया।
बिना मास्क व थूकने वालों के कट रहे चालान
कर्फ्यू खत्म होने के बाद जिंदगी अब पटरी पर लौटने लगी है। लॉकडाउन के दौरान बाजारों में सामान्य दिन की तरह माहौल होता जा रहा है। दूसरी ओर, काफी लोग अभी भी कोविड-19 के संक्रमण को लेकर गंभीर नहीं हैं। लोगों के चेहरों पर लगा मास्क भी धीरे धीरे उतरने लगा है। ज्यादातर लोग मास्क वहीं पहन रहे हैं जहां डंडे का जोर है। एसीपी ट्रैफिक गुरदेव सिंह का कहना है कि लोग कितने भी लापरवाह क्यों न हो जाएं मगर पुलिस उन्हें सुरक्षित रखने के लिए वचनबद्ध है।
इसके चलते सुबह से ही सड़कों पर पुलिस ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर देती है। ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार को 295 वाहनों के चालान किए और चार वाहनों को जब्त किया। इसी तरह मास्क न पहनने पर मौके पर 200 रुपये, थूकने पर 100 रुपये का चालान काटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर में गश्त कर रही पीसीआर टीमों को भी चालान बुक दे दी है ताकि उन्हें जहां कहीं कोई व्यक्ति बिना मास्क और थूकता नजर आए, उसका वहीं पर चालान किया जाए।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें