यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 14, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
खत्म हुआ पठानकोट के लोगों का इंतजार, अगले महीने मिलेंगे एमआईजी फ्लैट्स
वर्ष 2011 में तत्कालीन निकाय मंत्री मनोरंजन कालिया ने इस प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया था। नगर सुधार ट्रस्ट की जमीन ...और पढ़ें

पठानकोट [विनोद कुमार]। 10 वर्षों से अपने फ्लैट्स की उम्मीद लगाए बैठे लोगों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। नगर सुधार ट्रस्ट की ओर बनाए जा रहे एममाईजी (मिडिल इंकम ग्रुप) फ्लैट्स का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है। अगले महीने नगर सुधार ट्रस्ट इन्हें उनके मालिकों को हैंडओवर कर उन्हें नववर्ष का तोहफा देगा। ट्रस्ट दिन-रात काम करवाकर फ्लैट्स का काम पूरा करवा रहा है।
18 महीनों में करना था प्रोजेक्ट पूरा
वर्ष 2011 में तत्कालीन निकाय मंत्री मनोरंजन कालिया ने इस प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया था। नगर सुधार ट्रस्ट की जमीन पर बनने वाली इस कालोनी को 18 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य था। शुरुआत के छह महीनों तक तो काम बड़ी तेजी से चला। इसके बाद वह धीरे-धीरे बंद हो गया। पिछले तीन वर्षों से काम पर पूरी तरह से ब्रेक लगी हुई थी। इसे तीन महीने पहले नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन विभूति शर्मा ने फिर से शुरू करवाया।

लोगों के पैसों से ट्रस्ट ने बनाए हैं फ्लैटस
एमआईजी फ्लैटस योजना के तहत नगर सुधार ट्रस्ट अपने से कोई पैसा नहीं लगा रहा। लोगों द्वारा जमा करवाई गई राशि से ही उन्हें फ्लैटस तैयार करके देगा। नगर सुधार ट्रस्ट ने अपनी जमीन पर दो भागों में 60 फ्लैटस बनाए हैं। इसकी एवज में लोगों से पहले ही 22 से 30 लाख रुपये तक की राशि ली जा चुकी है। वर्ष 2011 में नगर सुधार ट्रस्ट ने एमआईजी स्कीम के तहत लोगों से एक तिहाई राशि पहले वसूल ली थी। इससे काम शुरू करवाया गया था। इसके बाद कईयों ने पूरी राशि जमा करवा दी ओर कुछ की आधी शेष रह गई। इस बीच काम रुक गया और लोगों ने नगर सुधार ट्रस्ट से काम दोबारा शुरू करवाने को कहा। काम शुरु न होने पर कुछ लोगों ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, जिसके बाद ट्रस्ट ने उन्हें जल्द फ्लैट्स देने का इकरार किया।
तीन मंजिला बिल्डिंग में रहने वालों को मिलेंगी बढ़िया सुविधाएं
नगर सुधार ट्रस्ट की इंजीनियरिंग ब्रांच का कहना है कि पठानकोट-जालंधर हाइवे पर स्थित बाईपास एरिया में बनाए जा रहे एमआईजी फ्लैट्स में रहने वालों को बेहतर सुविधाएं दी जाएंगी। यहां तीन मंजिला बिल्डिंग में आने-जाने के लिए चार लिफ्टों का प्रबंध किया गया है। वाहन पार्क करने के लिए बढ़िया प्रबंध है। पूरी कालोनी में एलईडी लाइटस लगाई जा रही हैं।
दिसंबर में लोगों को हैंड ओवर कर दिए जाएंगे फ्लैटः चेयरमैन

नगर सुधार ट्रस्ट चेयरमैन विभूति शर्मा ने कहा कि एमआईजी फ्लैट्स को फाइनल टच दिया जा रहा है। अगले महीने कार्यक्रम करवाकर सभी 60 धारकों को उनके फ्लैट उन्हें सुपुर्द कर दिए जाएंगे। चेयरमैन ने कहा कि वैसे तो लोगों को ये फ्लैट वर्ष 2013 में ही मिल जाने चाहिए थे। उन्हें दुख है कि उसके बाद जिन लोगों ने ट्रस्ट को चलाया, उन्होंने इस ओर ध्यान नहीं दिया। पिछले वर्ष नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन का पद संभालने के बाद उन्होंने सबसे पहले यह प्रोजेक्ट पूरा करने के आदेश दिए थे।
