Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'पाकिस्तानी समर्थकों में बौखलाहट', लुधियाना में अरविंद केजरीवाल बोले- पंजाब की शांति भंग करने वालों को नहीं बख्शेंगे

    पंजाब में नशा के खिलाफ युद्ध जारी है। नशा तस्करों के घरों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। पंजाब ने नशा और तस्करों के खिलाफ जंग छेड़ दी है। इस बीच लुधियाना में आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब की शांति भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही कहा कि नशा पर वार से पाकिस्तानी समर्थकों में बौखलाहट है।

    By Jagran News Edited By: Sushil Kumar Updated: Mon, 17 Mar 2025 06:03 PM (IST)
    Hero Image
    लुधियाना में अरविंद केजरीवाल ने लोगों को किया संबोधित, संजीव अरोड़ा के लिए मांगे वोट। वीडियो से ली गई तस्वीर।

    जागरण संवाददाता, लुधियाना। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज (सोमवार) लुधियाना के जवाहर कैंप में लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पंजाब की शांति भंग करने का प्रयास करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। नशे के खिलाफ और गैंगस्टरों के खिलाफ पंजाब ने जंग छेड़ी हुई है। इस से राष्ट्र विरोधी ताकतें और पाकिस्तानी समर्थक बौखलाये हुए हैं। वो पंजाब में माहौल खराब करना चाहते हैं। पंजाब की जनता ये बिल्कुल नहीं होने देगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 75 साल हो गए देश को आजाद हुए आज तक कोई सीएम जवाहर कैंप में आया मिलने? यह पहली बार है कि कोई सीएम यहां पर मिलने के लिए आया है। जवाहर कैंप छोड़ो, आज तक किसी अन्य पार्टी के सीएम की हिम्मत नहीं हुई कि वह जनता को माइक देकर सवाल पूछने को कहें। इसलिए नहीं किया, क्योंकि उन्होंने पंजाब को लूटा था। उन्हें पता था जनता इतनी गालियां देगी कि वह सुन नहीं सकते थे।

    'नशा तस्करों के घरों पर चला रहे बुलडोजर'

    पहली बार सीएम भगवंत मान ने जनता को माइक देकर सवाल पूछने के लिए कहा है। नशे के खिलाफ युद्ध छेड़ा है, बीते 20 दिन से पंजाब में बड़ा काम हो रहा है। अभी यह ट्रेलर है, आगे देखना क्या होगा। सरकार किसी बड़े आदमी को नहीं छोड़ेंगे। हमारी सरकार की हिम्मत है कि नशा तस्करों के घरों पर बुल़डोजर चल रहे हैं।

    अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पाकिस्तान से नशा आता है। वह बॉर्डर से ड्रोन के माध्यम से आता है। जब से कार्रवाई शुरू हुई है पाकिस्तान में भी हलचल है। अब कोई बॉर्डर से नशा उठाकर नहीं ला रहा है।

    '100 की स्पीड से दौड़ रही है हमारी गाड़ी'

    उन्होंने कहा कि आपके आसपास कोई नशा बेचता है तो उसकी जानकारी पुलिस को दें। शिअद-कांग्रेस-अकाली दल ने गैंगस्टर पाल रखे थे। अब किसी को छोड़ा नहीं जाएगा।

    70 साल से इन्होंने पंजाब का बेड़ा गर्क कर दिया था। अब हमारी गाड़ी 100 की स्पीड पर दौड़ रही है। किसी को छोड़ा नहीं जाएगा। किसी ने सोचा था कि बिजली फ्री हो जाएगी, दिल्ली और पंजाब में सिर्फ बिजली फ्री हुई है।

    'निजी फंड से दिए 2 करोड़ रुपये'

    बिजली की कोई कमी नहीं है, यहां पर कुछ ट्रांसफर लगवा देंगे। इस गर्मी में लुधियाना में एक मिनट बिजली नहीं जाएगी। हमारे पास पैसा कहां से आया, क्योंकि हम भ्रष्टाचार नहीं करते हैं। संजीव अरोड़ा हमारे प्रत्याशी हैं, बहुत अच्छे इंसान हैं। दिल्ली के एक बच्चे को बड़ी गंभीर बीमारी थी। उसे 18 करोड़ का एक इंजेक्शन लगना था।

    इन्होंने अखबार में पढ़ा पंजाब से दिल्ली गए। उस बच्चे के परिजन और डॉक्टर्स से बात की। अपने निजी फंड से

    दो करोड़ रुपये दिए। बाकी पैसों का इंतजाम किया। उस बच्चे को इंजेक्शन लगवाया।

    यह वही करता है कि जिसके दिल में दर्द होता है। यह कभी चुनाव जीते नहीं, जवाहर कैंप की सड़कें और लाइट्स लगवा रहे हैं। अगर विधायक बन गए तो क्या-क्या करेंगे खुद सोच लो।

    'गालियां सुननी हो तो दूसरी पार्टी को वोट देना'

    सिविल अस्पताल में चूहे दौड़ते थे, इन्होंने पैसा एकत्र कर एक अच्छा अस्पताल बना दिया है। अगर आपने काम करवाने हैं तो संजीव अरोड़ा को वोट देना, अगर सिर्फ गालियां सुननी है तो दूसरी पार्टी को वोट देना।

    यह भी पढ़ें- पटियाला में आर्मी के अधिकारी और उसके बेटे के साथ दबंगई, 12 पुलिसकर्मी सस्पेंड; तोड़ा हाथ और फोड़ा सिर