बिना मास्क घूमने व लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर बड़ी कार्रवाई, 135 केस दर्ज
बीते चौबीस घंटों के दौरान बिना मास्क घूमने तथा लॉकडाउन का उल्लंघन करने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 135 मामले दर्ज किए।
लुधियाना, जेएनएन। बीते चौबीस घंटों के दौरान बिना मास्क घूमने तथा लॉकडाउन का उल्लंघन करने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 135 मामले दर्ज किए। उनमें से बिना मास्क घूमने के आरोप में 112 तथा लॉकडाउन उल्लंघन के 23 मामले दर्ज किए गए। उस दौरान कुल 815 वाहनों के चालान भी काटे गए। शाम सात बजे के बाद सड़कों पर घूम कर लॉकडाउन का उल्लंघन कर रहे 53 वाहनों को जब्त भी किया गया।
पुलिस कमिश्नर की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि 18 मई से कोविड-19 से बचाव के लिए शुरू हुए लॉकडाउन के लागू होने के बाद शहर के विभिन्न उद्योग, दुकानों व बाजाराें में कामकाज शुरू करने की रियायत दी गई। जिसके चलते कामकाज के लिए लोगों का घरों से बाहर आना स्वभाविक है। उनकी हिफाजत व स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए हिदायत दी गई है कि वो जब भी घर से बाहर आएं, मास्क जरूर पहनें। आपस में दो मीटर का फासला रखें। दोपहिया वाहन पर केवल एक ही व्यक्ति सफर करे। चार पहिया वाहन पर ड्राइवर समेत चार लोग की सफर करें।
आम लोगाें को सुबह 7 से शाम 7 बजे तक घर से बाहर निकलने की छूट है। जबकि दुकानदारों को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक का समय दिया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लुधियाना के ज्यादातर लोगों ने हिदायतों का पालन किया। मगर उसके बावजूद कुछ लोग बिना मास्क लगाए और सामाजिक दूरी बनाए बगैर चल रहे हैं। ऐसे लोगों से आम जनता में कोविड-19 फैलने का खतरा है। जिसके चलते बुधवार को विशेष मुहिम चलाई गई। पुलिस की ओर से भी निर्देश दिए गए हैं कि नियमों का पालन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें