मिल से लोहे की मशीनरी व अन्य सामान चुराने पर नामजद
खन्ना पुलिस ने एक मिल से मशीनरी और अन्य लोहे का सामान चुराने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जागरण संवाददाता, खन्ना : खन्ना पुलिस ने एक मिल से मशीनरी और अन्य लोहे का सामान चुराने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। केवल सिंह निवासी प्रीत नगर खन्ना की शिकायत पर पुलिस ने मामले में अभिषेक बांसल मालिक लाल जी स्टील कारपोरेशन, अमलोह रोड मंडी गोबिदगढ़ को नामजद किया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार मनकू स्टील इंडस्ट्री की मशीनरी खरीदने के लिए आरोपित ने इच्छा जाहिर की थी। मिल की मशीनरी देखने के बाद दोनों पक्षों में 31 अगस्त 2018 को लिखित इकरारनामा हुआ था। मशीनरी करीब एक करोड़ 37 लाख रुपये में बेचने का इकरार हुआ था। यह रकम देने के बाद ही आरोपित ने सामान उठाना था। आरोपित ने उसे दो चेक 15 लाख रुपये के दिए। 31 दिसंबर 2018 तक सारी पेमेंट देकर सामान उठाने का वादा किया था। 15 नवंबर 2018 को एक अन्य व्यक्ति ने मिल का 25 लाख 45 हजार 756 रुपये का सामान उठा लिया।
आरोपित अभिषेक ने केवल सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज करा दिया था। इसके बाद केवल सिंह व एक अन्य व्यक्ति पुलिस के बचने के लिए भाग गए थे। इसका फायदा उठाकर 10 फरवरी 2019 की रात को आरोपित अभिषेक ने साथियों के साथ मिलकर मनकू स्टील इंडस्ट्री बुल्लेपुर से लोहे का सामान कटिग कर लिया। जब शिकायतकर्ता पक्ष ने आकर देखा तो उनका सामान गायब था। इसके बाद पुलिस से शिकायत की गई।