यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 14, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
लुधियाना में सार्वजनिक शौचालय के बाहर से मिला नवजात बच्ची का शव, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
थाना कोतवाली के प्रभारी हरजीत सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह सूचना मिली की शौचालय के बाहर करीब तीन-चार दिन ...और पढ़ें

संस, लुधियाना। महानगर के सबसे अधिक व्यस्त रहने वाले चौक घंटाघर के नजदीक बने पुल पर स्थित सार्वजनिक शौचालय के बाहर से शनिवार की सुबह एक नवजात बच्ची के शव मिलने मिलने से हड़कंप मच गया। इसके तुरंत बाद थाना कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।
थाना कोतवाली के प्रभारी हरजीत सिंह ने बताया कि उन्हें शनिवार की सुबह सूचना मिली की शौचालय के बाहर करीब तीन-चार दिन की एक नवजात बच्ची पड़ी हुई है जहां उन्होंने अपनी टीम के साथ पहुंच कर देखा तो बच्ची मृत थी और उसके शरीर पर कीड़े मकोड़े चल रहे थे। जिसे तुरंत उन्होंने सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें-मोबाइल झपटकर भाग रहे युवक को लोगों ने दबोचा
राह चलते एक युवक से मोबाइल झपट कर भाग रहे एक बाइक सवार युवक को लोगों ने धर दबोचा। जिसे लोगों ने थाना डिवीजन नंबर चार की पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने न्यू अमन नगर निवासी आरोपित सनी के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता इस्लाम ने पुलिस को बताया कि 13 अगस्त की दोपहर वह डिवीजन नंबर चार के इलाके से गुजर रहा था। इस दौरान वह मोबाइल पर बात कर रहा था। पीछे से एक स्प्लेंडर बाइक पर सवार युवक आया और उसका मोबाइल झपटकर भागने लगा।
इस दौरान उसका बाइक अनियंत्रित होकर स्लिप हो गया और वह सड़क पर जा गिरा। लोगों ने आरोपित को मौके से धर दबोचा। जिसके बाद शिकायत कंट्रोल रूम पर पुलिस को दी गई। पुलिस ने आरोपित से मोबाइल बरामद कर उसके खिलाफ केस दायर कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
