विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 05, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Punjab Assembly Election 2022: कांग्रेस के सीएम फेस की घोषणा से पहले बोले चन्नी, सिद्धू को अब वचन निभाना होगा

By Sunil Kumar JhaEdited By:
Published: Sat, 05 Feb 2022 11:11 PM (GMT+05:30)Updated: Sun, 06 Feb 2022 08:25 AM (GMT+05:30)

Punjab Assembly Election 2022 पंजाब में कांग्रेस के मुख्‍यमंत्री चेहरा घोषित किए जाने से पहले चरणजीत सिंह चन्‍नी ने बड़ी ...और पढ़ें

Punjab Assembly Election: पंजाब चुनाव में कांग्रेस सीएम फेस के दावेदार चरणजीत सिंह चन्‍नी और नवजोत सिंह सिद्धू। (फाइल फोटो)
Punjab Assembly Election: पंजाब चुनाव में कांग्रेस सीएम फेस के दावेदार चरणजीत सिंह चन्‍नी और नवजोत सिंह सिद्धू। (फाइल फोटो)

भूपेंदर सिंह भाटिया, चमकौर साहिब (रूपनगर)। Punjab Assembly Election: पंजाब कांग्रेस के मुख्यमंत्री चेहरा (CM Face) घोषित किए जाने की संभावना से पहले मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने बड़ी बात कही है। उन्‍होंने कहा कि सिद्धू को अपना वचन निभाना ही होगा। उनका कहना है कि इस पद के लिए हमेशा से जोर शोर से अपना दावा ठोकते रहे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू निकट भविष्य में कोई भी ऐसा कदम नहीं उठाएंगे, जिससे उनका या पार्टी का आने वाले चुनाव में नुकसान हो।

मैंने और सिद्धू ने कसम खाकर राहुल गांधी को दिया था वचन, ईमानदारी के साथ फैसला मंजूर करेंगे

चरणजीत सिंह चन्नी का मानना है कि उनकी तरह ही सिद्धू भी उस वचन को निभाएंगे जो राहुल गांधी के जालंधर दौरे के दौरान पंजाब की जनता के सामने मंच से दिया था। रामायण की चौपाई 'रघुकुल रीत सदा चली आई, प्राण जाए पर वचन न जाई..' का उच्चारण करते हुए चन्नी ने कहा, ' मैंने और सिद्धू ने राहुल गांधी के सामने हाथ उठाकर कसम खाई थी कि हाईकमान किसी को भी मुख्यमंत्री चेहरा घोषित करे, हम दोनों पूरी ईमानदारी और शिद्दत के साथ उस फैसले को मंजूर करेंगे।'

दैनिक जागरण के साथ साक्षात्कार के दौरान चन्नी ने कहा कि हम दोनों (चन्नी और सिद्धू) ने राहुल गांधी से मंच से यह वादा किया था कि कांग्रेस की जीत एवं पंजाब की बेहतरी के लिए हमें कोई भी बलिदान देना पड़े, हम देंगे और आज वह समय आ गया है, जब हम रामायण की इस चौपाई में कहे शब्दों को सार्थकता प्रदान कर सकते हैं। सिद्धू मेरे बड़े भाई हैं, वह भी मुझसे बहुत प्यार करते हैं और हम दोनों के संबंधों में कोई बदलाव नहीं आएगा।

यह पूछे जाने पर कि पंजाब के वर्तमान चुनावी संदर्भ में जीत के लिए मुख्यमंत्री चेहरा, उम्मीदवार का चरित्र और पार्टी की आइडियोलजी में से किसे महत्वपूर्ण फैक्टर मानते हैं तो चन्नी ने कहा कि वैसे तो तीनों ही महत्वपूर्ण हैं। इस बार मुख्यमंत्री चेहरा एक निर्णायक भूमिका अदा करेगा। अगर मुख्यमंत्री चेहरा सही होगा, तभी पार्टी की आइडियोलाजी भी आगे बढ़ेगी और सही चरित्र वाले उम्मीदवार जीत का परचम लहरा सकेंगे।

ईडी द्वारा उनके रिश्तेदार भूपिंदर हनी के निवास पर छापामारी किए जाने के बाद उनके मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर उठने वाले सवालों पर चन्‍नी ने कहा,  यदि मेरा कोई रिश्तेदार गलत करता है तो मेरा उससे क्या लेना देना। यह तो वोटों की राजनीति के कारण है कि मुझे रेत माफिया बना कर पेश किया जा रहा है.. ईडी का मुजरिम भी बना दिया, लेकिन सच चंद दिनों में सामने आ जाएगा, जब सभी लोग मुझसे माफी मांगकर भागेंगे। अपने भांजे के निवास से ईडी को मिले करोड़ों रुपये के संबंध में चन्नी ने कहा कि वह नहीं जानते कि यह पैसा उनके भांजे का था या प्लांट किया गया था। जब यह केस कोर्ट के सामने पहुंचेगा तो यह प्लांट किए गए करोड़ों रुपये की सच्चाई भी सामने आ जाएगी।

मुख्यमंत्री चन्नी ने कहा कि अगर कांग्रेस सरकार बनती है तो बतौर मुख्यमंत्री वह पहला हस्ताक्षर उस फाइल पर करेंगे, जिसमें एक लाख युवाओं को रोजगार देने का प्रस्ताव होगा। उनकी दूसरी प्राथमिकता शिक्षा और तीसरी हेल्थ होगी।

चन्नी ने खुद को बताया बेस्ट

विपक्षी दलों की ओर से पेश किए जा रहे मुख्यमंत्री चेहरों के मुकाबले खुद को कांग्रेस का मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किए जाने की संभावना पर चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल का मुख्यमंत्री चेहरा सुखबीर सिंह बादल जहां घमंडी और माफिया को बढ़ावा देने वाला शख्स है, वहीं आम आदमी पार्टी का मुख्यमंत्री चेहरा भगवंत मान तो झूठ और धोखाधड़ी का पर्यायवाची हैं। जिस व्यक्ति ने शराब छोड़ने की बातें करते हुए सार्वजनिक मंचों से अपनी मां की कसमें तक खा लीं और बाद में शराब छोड़ना तो दूर अपनी पत्‍नी और बच्चों तक को छोड़ दिया,  ऐसे मुख्यमंत्री चेहरे की कही बातों पर कोई कैसे यकीन कर सकता है। रही बात मेरी, तो मैं जो हूं सब के सामने हूं। मैंने 111 दिनों में काम करके दिखाया है।

-----