यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 08, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
नवजोत सिद्धू की पत्नी डा. नवजोत कौर बोलीं- पंजाब में हो अफीम की खेती, निगरानी रखे सरकार
वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब में अफीम की खेती करने की वकालत की है। ...और पढ़ें

जेएनएन, समाना (पटियाला)। पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी पूर्व विधायक डा. नवजोत कौर सिद्ध़ू ने पंजाब में अफीम की खेती करने का समर्थन करने संबंधी अपने बयान पर कहा कि उनकी मांग को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। नवजोत कौर ने कहा कि आज हर दवा में अफीम का प्रयोग किया जा रहा है।
डा. नवजोत कौर सिद्धू ने कहा कि अमेरिका जैसे देश में भी नियमों के मुताबिक अफीम की खेती करने की छूट प्रदान की गई है। अगर सरकार को अफीम की खेती को सार्वजानिक करने से परहेज है तो सरकार अपनी निगरानी में अफीम की खेती की शुरुआत करनी चाहिए।
सरकार ने फिर से सेहत सेवाएं देने की मंजूरी नहीं दी
उन्होंने यह विचार गांव गाजीपुर रोड़ पर स्थित एक सादा समारोह के दौरान वातावरण को बचाने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने की मुहिम की शुरूआत करते हुए कहा। इस मौके उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान आम लोगों की सेवा करने के लिए उनके द्वारा फिर से सरकारी नौकरी के लिए अप्लाई किए जाने सबंधी पूछने पर कहा कि इसमें कोई शक नहीं कि उन्होंने फिर से सेहत सेवाएं देने के लिए आवेदन दिया था, लेकिन सरकार ने उसे मंजूर ही नहीं किया है।
विकास के नाम पर पेड़ों की बलि पर जताई चिंता
इससे पहले कृषि विभाग के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर डा. इंदरपाल सिंह के निवास स्थान पर आयोजित समारोह में डा. नवजोत कौर सिद्धू ने कहा कि देश में विकास के नाम पर करोड़ो पेड़ों की बलि दी जा रही है, लेकिन बलि चढ़ाए गए पेडों के स्थान पर नए पेड़ लगाने की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिसके चलते आज हम लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इसका उदाहरण पिछले दिनों आक्सीजन की कमी होने से मिलता है।
