मेजर ध्यान चंद को याद कर खेलों में स्टूडेंट्स ने दिखाया दमखम Ludhiana News
जिले के सभी प्राइमरी मिडिल हाई व सीनियर सेकेंडरी सरकारी स्कूलों में मैराथन विरासती खेलें करवाई गई। वहीं निजी स्कूलों में भी खेल मुकाबले हुए।
लुधियान, जेएनएन। देश के महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यान चंद की जयंती वीरवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में स्कूलों में मनाई गई। इसके तहत जिले के सभी प्राइमरी, मिडिल, हाई व सीनियर सेकेंडरी सरकारी स्कूलों में मैराथन, विरासती खेलें करवाई गई। वहीं निजी स्कूलों में भी खेल मुकाबले हुए। भारतीय विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-39, चंडीगढ़ रोड में राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साह के साथ मनाया गया।
मक्खन सिंह और दलविंदर सिंह मिन्हास ने दीप प्रज्ज्वलित कर विद्यालय में गतिविधियों का आयोजन शुरू करवाया। 11वीं कक्षा साइंस के विद्यार्थियों ने सफेद टी-शर्ट्स पहन कर मैराथन में भाग लिया। इसमें आकाश कालिया और दीपाली ने पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं बीसीएम स्कूल, चंडीगढ़ रोड में खुद को फिट रखने के उद्देश्य से छात्रों में जागरूकता लाने के लिए दिन की शुरुआत विशेष प्रार्थना सभा से हुई। इसमें मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि दी गई।
इसके बाद छात्रों ने एथलेटिक्स इवेंट, इंटर हाउस स्पोर्ट्स क्विज, शतरंज प्रतियोगिता और बायो-स्केच लेखन प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रधानाचार्य डीपी गुलेरिया ने कहा कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ दिमाग का वास होता है इसलिए हम सभी को फिट रहने का संकल्प लेना चाहिए। वहीं न्यू बीसीएम किंडरगार्टन स्कूल व बीसीएम स्कूल बसंत एवेन्यू में नेशनल स्पोर्ट्स डे मनाया गया। स्कूल में साइकलिंग व अन्य खेल गतिविधियां करवाई गई।
प्रिंसिपल डॉ. वंदना शाही ने बच्चों को नेशनल स्पोर्ट्स डे के बारे में बताया। श्री ओपी गुप्ता एसडीपी माडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नेशनल स्पोर्ट्स डे पर जोन स्तर के खेल कूद मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन कर जिला स्तर के लिए चुने गए स्टूडेंट्स को सम्मानित किया गया। इसमें कबड्डी अंडर-17 में अनूपा, पल्लवी, मुस्कान व रिया को सम्मानित किया गया। खो-खो अंडर-19 लड़कों में करण, हनी, रोहन, पारस, विष्णु व राहुल को सम्मानित किया गया। अंडर-14 खो-खो में निशांत, विष्णु, रोहन व निशा को सम्मानित किया।
प्रिंसिपल डॉ. संजीव बिंद्रा ने सभी बच्चों को पुरस्कृत किया। दूसरी तरफ बीसीएम स्कूल बसंत सिटी में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया। स्कूल के प्रबंधक डॉ. प्रेम कुमार ने खेल दिवस समारोह का उद्घाटन किया। छात्रों ने विभिन्न प्रकार के खेलों में भाग लिया। रायन इंटरनेशनल स्कूल जमालपुर में नेशनल स्पोर्ट्स डे पर स्कूल में हॉकी मुकाबले करवाए गए। प्रिंसिपल गुरपाल आनंद ने बताया कि देश के महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। ध्यानचंद ने तीन ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया और तीनों बार देश को स्वर्ण पदक दिलाया। प्रिंसिपल गुरपाल आनंद ने बच्चों को खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर शामिल होने के लिए प्रेरित किया।