Gurparb Celebration: लुधियाना में गुरु नानक देव के प्रकाशपर्व पर गुरुद्वाराें में उमड़ी संगत, जगह-जगह लगे लंगर
Gurparb Celebration शहर में गुरुपर्व काे लेकर गुरुद्वाराें में संगत ने शीश नवाया। संगत सुबह ही माथा टकने पहुंच गई थी। इस दाैरान कई स्थानाें पर नगर कीर्तन भी निकाला गया। सरपंच रणजोध सिंह जग्गा ने पांच प्यारों को सिरोपा देकर उनका स्वागत किया।
लुधियाना, जेएनएन। Gurparb Celebration: शहर में प्रकाश पर्व काे लेकर संगत में जबरदस्त उत्साह देखने काे मिला। गुरुद्वारों में सुबह से ही संगत उमड़ पड़ी। वैसे तो सभी गुरुद्वारों में समागम हुए, लेकिन शहर के प्रमुख गुरुद्वारों मसलन गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब, गुरुद्वारा श्री गुरु कलगीधर सिंह सभा, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा सराभा नगर, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा माडल टाउन एक्सटेंशन, गुरुद्वारा सुखमनी साहिब दुगरी आदि में सुबह से ही विशेष समागम में संगत का हुजूम उमड़ पड़ा।
गुरु नानक जयंती के मौके पर गुरुद्वारा सराभा नगर में उपस्थित संगत। (जागरण)
इन गुरुद्वारों में संगत ने पंक्तिबद्ध होकर लंगर श्रवण किया। सिख पंथ के प्रसिद्ध रागियों और बुद्धिजीवियों ने कीर्तन व कथा से श्री गुरुनानक देव जी के जीवन पर प्रकाश डाला। खास बात यह रही कि गुरुपर्व के मौके पर गुरुद्वारा साहिब में फूलों से विशेष सज्जा की गई। ज्यादातर गुरुद्वारों में रात से ही रोशनी सज्जा की गई। देर रात गुरुद्वारा साहिब के समक्ष आतिशबाजी भी की जाएगी।
गुरु नानक जयंती के मौके पर गुरुद्वारा सराभा नगर कीर्तन करते रागी सिंह उपस्थित संगत। (जागरण)
गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब के मुख्य सेवादार प्रितपाल सिंह ने संगत को गुरपर्व की बधाई देते हुए कहा कि गुरुद्वारा साहिब में दिनभर कीर्तन होगा और शाम के बाद रोशनी सज्जा की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि कोरोना काल में गुरुद्वारा साहिब के अलावा अपने घरों व आसपास के इलाकों में कोविड एसओपीज का पूरा पालन करें। गुरुद्वारा सराभा नगर में सुबह से ही शहर के लोग उमड़े।
विशेष कीर्तन समागम के बाद गुरुद्वारा साहिब में लंगर छकने वाले श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। गुरुद्वारा श्री गुरु कलगीधर सिंह सभा में पिछले दो दिनों से चल रहे विशेष समागम के तहत आज दिनभर कीर्तन का विशेष आयोजन होगा। सुबह से ही संगत गुरुद्वारा साहिब में उमड़ी।