युवक की हत्या कर थाने के सामने प्लॉट में दफनाया शव, पांव का अंगूठा रह गया बाहर
युवक की हत्या कर शव को थाने के सामने एक प्लॉट में दफनाया दिया गया।लेकिन जल्दबाजी में पांव का अंगूठा बाहर रह गया।
जेएनएन, लुधियाना। युवक की हत्या कर शव को थाने के सामने एक प्लॉट में दफनाया दिया गया।लेकिन जल्दबाजी में पांव का अंगूठा बाहर रह गया। यह शव शहर के सेक्टर 32 में ईडब्ल्यूएस कॉलोनी के युवक का निकला। उसका शव थाना नंबर 7 के सामने प्लॉट में पड़ी राख में दबा दिया गया। सुबह जब बच्चे उस तरफ पेशाब करने गए तो उन्होंने इसकी सूचना वहां पर गैस सिलेंडर डिलीवरी कर रहे व्यक्ति को दी। बाद में थाना 7 और सीआइए 2 की पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में पहुंचा दिया। मृतक की पहचान हनी कुमार 23 साल के तौर पर हुई है। उसके पिता फूला राम ने बताया कि हनी कुमार शुक्रवार शाम 6 बजे घर से गया था और वह उसकी तलाश कर रहे थे। वह होजरी में लेबर का काम करता था। शादीशुदा हनी कुमार के चार साल का बेटा है।
कपड़ा डालकर घोंटा गला, सिर पर थे जख्म के निशान
हनी कुमार को गले में कपड़ा डालकर उसकी हत्या की गई है। उसके सिर में जख्मों के निशान भी हैं। राख में दबाने के दौरान भी उसके गले में वही कपड़ा डाला हुआ था। शव को जल्दबाजी में प्लॉट में दबाया गया था और उसके ऊपर राख डाल दी गई, मगर उसके पांव का अंगूठा बाहर रह गया था, जिससे बच्चों को उसका शव मिला। परिवार को किसी पर शक नहीं, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
एसीपी क्राइम सुरिंदर मोहन ने बताया कि परिवार के सदस्यों ने अभी किसी पर भी संदेह जाहिर नहीं किया है। उनका कहना है कि उसका किसी के साथ झगड़ा नहीं था। हम उसके परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों से पूछताछ के आधार पर जांच कर रहे हैं। आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं।