सड़क किनारे हर राेज जला रहे कूड़ा, लोगों का सांस लेना हुआ मुश्किल Ludhiana News
बच्चे और इलाके के लोग जब इस रास्ते से गुजरते हैं तो उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस कारण इलाके के लोगो का रहना मुश्किल हो गया है।
लुधियाना, [मनोज दुबे/संदीप सिंह]। किसानों के पराली जलाने पर रोक लगी हुई है। सरकार एक तरफ किसानों पर केस दर्ज करवा रही है, वहीं दूसरी तरफ निगम के कर्मचारी कूड़ा जलाकर पर्यावरण को प्रदूषित करने में जुटे हैं। रोजाना सैकड़ों टन कूड़े को जलाकर महानगर के वातावरण को दूषित करने का काम निरंतर जारी है। बस्ती जोधेवाल थाने के सामने, ढंडारी खुर्द, शेरपुर, जनकपुरी आदि में कूड़ा धड़ल्ले से कूड़ा जलाया जा रहा है।
इन जगहों पर कूड़ा जलाने का लोगों ने विरोध भी जताया, लेकिन निगम कर्मचारियों पर इसका कोई असर नहीं हुआ। वार्ड 25 के अधीन पड़ते रसीला मार्ग से सरपंच कॉलोनी इलाके में जाने वाली सड़क के किनारे नगर निगम कर्मचारी कूड़े को रोजना आग लगा रहे हैं। वहीं निगम खुद ही कूड़े जलाने वाले लोगों पर जुर्माना लगा रहा है। इलाके में दिव्यांग बच्चों का ब्रेल भवन बना हुआ है।
बच्चे और इलाके के लोग जब इस रास्ते से गुजरते हैं तो उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस कारण इलाके के लोगो का रहना मुश्किल हो गया है। पाबंदी के बावजूद सड़क किनारे कूड़े के ढेरों में आग लगी आम देखी जा सकती है। कचरे के साथ ही पॉलीथिन भी जलाई जा रही है। जाहिर है इससे जहरीली गैस उत्पन्न हो रही है।
घातक बीमारियों के फैलने का खतरा
लोगों का कहना है कि निगम के सफाईकर्मी नियमित रूप से कचरे को नहीं उठाते हैं। हकीकत यह है कि खुलेआम रिहायशी इलाकों में पॉलीथिन युक्त कचरे को जलाने से लोगों की सेहत पर असर पड़ रहा है। कैंसर सहित कई घातक बीमारियों की चपेट में आने का खतरा बना रहता है। लेकिन फिर भी निगम को किसी भी बात का गम नहीं है।
मामले की जांच करवाकर करेंगे कार्रवाई: मेयर संधू
यह बात साफ है कि निगम द्वारा न तो रोजाना कचरा उठाया जा रहा है और न ही उसका बेहतर प्रबंधन किया जा रहा है। इस कारण इलाके के लोगो को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। महानगर में सैकड़ों टन कूड़ा हर रोज अवैध तौर पर जलाने के बारे में नगर निगम मेयर बलकार सिंह संधू से बात करने पर उन्होंने कहा कि मामले की जांच करवा कर आरोपितों पर कार्रवाई करेंगे।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें