पंजाब में कांग्रेस सरकार के तीन साल, कुर्सी के लिए शुरू हुई विधायकों की तिकड़म
सीनियर विधायक राकेश पांडे भी कैबिनेट मंत्री पद के लिए जोर लगा रहे हैं। हालांकि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के दरबार से फेरबदल की कोई लिस्ट अभी लीक नहीं हुई है।
लुधियाना, जेएनएन। पंजाब में कांग्रेस की सरकार को करीब तीन साल हो चुके हैं। संभावना है कि फरवरी अंत तक मंत्रिमंडल में फेरबदल हो। इस दौरान कई मंत्रियों का कद बढ़ सकता है और कुछ के विभाग बदले जा सकते हैं। अब कुर्सी और पावर का लालच किसे नहीं होता। पिछले तीन साल से नजरें टिकाए बैठे विधायकों को आस जगी तो उन्होंने मंत्री पद पाने के लिए राजनीतिक गोटियां फिट करनी शुरू कर दी हैं। कइयों ने तो दिल्ली, चंडीगढ़ के चक्कर लगाने शुरू कर दिए हैं। चर्चा ये भी है कि इस फेरबदल में कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु का कद बढ़ सकता है। सीनियर विधायक राकेश पांडे भी कैबिनेट मंत्री पद के लिए जोर लगा रहे हैं। हालांकि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के दरबार से फेरबदल की कोई लिस्ट अभी लीक नहीं हुई है। पर कई विधायक अंदरखाते आकाओं के पास सेटिंग में लगे हैं।
दिल्ली चुनाव में लुधियानवियों का इंट्रेस्ट
दिल्ली चुनाव में इस बार लुधियानवी भी खूब रूचि ले रहे हैं। लुधियाना के व्यापारी और यहां के नेता भी वहां रहते पंजाबी वोटरों को लुभाने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। दरअसल, औद्योगिक नगरी के अधिकतर व्यापारियों का व्यापार दिल्ली के साथ जुड़ा हुआ है। यहां के कई लोगों के रिश्तेदार भी वहां रहते हैं। इसी वजह से लुधियानवी भी इस चुनाव में खासा इंट्रेस्ट दिखा रहे हैं। दूसरी तरफ कई राजनीतिक पार्टियों के नेताओं ने वहां पर डेरा डाला हुआ है। वे अपनी-अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। इनमें आम आदमी पार्टी की विधायक सर्बजीत कौर माणूके, भाजपा के सीनियर नेता कमल चेतली, पूर्व जिला यूथ कांग्रेस प्रधान राजीव राजा शामिल हैं जो वहां पर ताकत झोंके हुए हैं। नेता और व्यापारी सोशल मीडिया के जरिए भी अपने-अपने उम्मीदवार के समर्थन में पोस्टें डाल रहे हैं।
क्रेडिट वार की तैयारी
शहर को अतिक्रमण और ट्रैफिक समस्या से मुक्त करवाने के लिए जो बीड़ा पुलिस ने उठाया है, उसकी लोग काफी सराहना कर रहे हैं। हों भी क्यों ना, समस्या इतनी गंभीर जो हो चुकी थी। अब जब पुलिस ने नगर निगम के साथ मिलकर पिछले कुछ दिनों से कार्रवाई छेड़ी है, इससे अतिक्रमणकारियों के हौसले पस्त हो गए हैं। दूसरा पुलिस की इस कार्रवाई की सोशल मीडिया पर काफी वाहवाही हो रही है। वे चाहते हैं कि पुलिस का यह डंडा महानगर के अन्य इलाकों में भी चले। लोग नगर निगम को भी लगातार सुझाव देने में लगे हैं कि वह भी कारगुजारी में सुधार लाए, वेंडर जोन को फाइनल कर रेहड़ी-फड़ी वालों की समस्या को हल करे। अब माना जा रहा है कि नगर निगम अधिकारी भी क्रेडिट लेने के लिए लोगों की मांग पर जल्द ही मैदान में उतरने की तैयारी करने वाले हैं।
जान बची सो लाखों पाए
हाल ही में पुलिस ने बस स्टैंड के पास होटलों में चल रहे देह व्यापार के अड्डे पर दबिश दी। देर रात इतनी संख्या में पुलिस और गाडिय़ों को देखकर अफरा-तफरी मच गई। होटल पार्क व्यू में पुलिस ने सभी को कमरों से बाहर निकालना शुरू किया। होटल के अन्य कमरों से लड़कियां-लड़के पकड़े। वहां दो व्यापारी भी थे जो पुलिस को देखकर सहम गए। उन्हें पहले तो समझ में नहीं आया कि यहां हुआ क्या है। पुलिस ने उनसे पूछताछ की। पता चला कि वे दोनों व्यापारी काम के सिलसिले में होटल में रुके हैं। कुछ देर तक तो पुलिस ने उन्हें वहीं रोके रखा। जब सभी लड़के-लड़कियां पुलिस ने हिरासत में ले लिए तो पुलिस ने दोनों व्यापारियों को होटल से बाहर जाने दिया। बस फिर क्या था, बाहर आते ही उन्होंने चैन की सांस ली और बोले जान बची सो लाखों पाए।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें